Corona_UpdatesNational

देश में तेजी से बढ़ रहा #Corona का कहर, 900 के करीब पहुंचा मरीजों का आंकड़ा

New Delhi: भारत में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है. देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 900 के करीब पहुंच गयी है.

जबकि इससे मरने वालों की संख्या 20 हो गयी है. संक्रमित लोगों में 47 विदेशी भी शामिल हैं. वहीं  78 लोग स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं.

गुजरात में कोरोना से छह लोग और संक्रमित, कुल संख्या 53 पहुंची

गुजरात में छह और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद राज्य में इसके कुल मामले बढ़कर 53 हो गये हैं. एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार शाम से लेकर अब तक छह नये मामले दर्ज किये गये हैं.

प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने कहा कि गत शाम को छह नये मामले सामने आने से राज्य में ऐसे मामले की संख्या 53 हो गयी है. गुजरात में कोविड-19 के तीन मरीजों की मौत हो चुकी है. सूरत, अहमदाबाद और भावनगर में एक-एक शख्स की मौत हुई. 

इसे भी पढ़ें- #CoronaVirus की कैद में दुनियाः अमेरिका में एक लाख से ज्यादा लोग पीड़ित, इटली में एक दिन में एक हजार मौतें

क्या कहते हैं आंकड़े

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, अभी तक महाराष्ट्र में कोविड-19 के सबसे अधिक 180 मामले सामने आये हैं जिनमें तीन विदेशी नागरिक शामिल हैं. इसके बाद केरल में आठ विदेशियों समेत 173 मामले दर्ज किये गये हैं.

कर्नाटक में 55 लोग संक्रमित पाये गये हैं जबकि तेलंगाना में 10 विदेशियों समेत 48 लोग, राजस्थान में दो विदेशियों समेत 48 लोग. उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के एक विदेशी समेत 45 मामले हैं जबकि दिल्ली में एक विदेशी समेत 39 लोग इस संक्रामक रोग की चपेट में आये हैं. पंजाब में कोरोना वायरस के 38 मामले जबकि हरियाणा में 14 विदेशियों समेत 33 मामले सामने आये हैं.

तमिलनाडु में इस वायरस के मामले बढ़कर छह विदेशियों समेत 38 पर पहुंच गये, मध्य प्रदेश में 30, जम्मू कश्मीर में 18, पश्चिम बंगाल में 15, आंध्र प्रदेश में 14 और लद्दाख में 13 लोग संक्रमित पाये गये हैं. बिहार में कोरोना वायरस के नौ मामले सामने आए हैं, चंडीगढ़ में सात, छत्तीसगढ़ में छह और उत्तराखंड में एक विदेशी समेत पांच मामले सामने आये हैं.

हिमाचल प्रदेश और ओडिशा से इस वायरस के तीन-तीन मामले सामने आये जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप से दो मामले सामने आये हैं. गोवा में तीन और पुडुचेरी, मिजोरम तथा मणिपुर में एक-एक शख्स कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है.

इसे भी पढ़ें- भीख मांग कर गुजर-बसर करने वाले परिवार पूरी तरह से #LockDown21 कर रहे पालन 

मजदूरों का पलायन बना चिंता का सबब

लॉकडाउन के बाद देश के कई हिस्सों में मजदूरों का पलायन शुरू हो गया है. मजदूर पैदल ही अपने-अपने परिवार के साथ अपने राज्य लौट रहे हैं. यह पलायन अब चिंता का सबब बन गया है.

इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका भी दाखिल की गयी है. याचिका में यह मांग की गयी है कि प्रशासन को कोर्ट के द्वारा यह आदेश दिया जाये कि जो भी मजदूर पलायन कर रहे हैं उन्हें हर जगह शेल्टर होम में रखकर हर तरह की सुविधा दी जाए.

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 मार्च रात से 21 दिन के लॉकडाउन (बंद) की घोषणा करते हुए अपील की थी कि अगर भारत के 130 करोड़ लोग सामाजिक दूरी का पालन नहीं करेंगे तो देश कोरोना वायरस के खिलाफ युद्ध हार जाएगा और 21 साल पहले के दौर में लौट जाएगा.

इसे भी पढ़ें- #CoronaVirus के कारण अर्थव्यवस्था चौपटः IMF प्रमुख ने माना- दुनिया आर्थिक मंदी की चपेट में

न्यूज विंग की अपील

देश में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है. ऐसे में जरूरी है कि तमाम नागरिक संयम से काम लें. इस महामारी को हराने के लिए जरूरी है कि सभी नागरिक उन निर्देशों का अवश्य पालन करें जो सरकार और प्रशासन के द्वारा दिये जा रहे हैं. इसमें सबसे अहम खुद को सुरक्षित रखना है. न्यूज विंग की आपसे अपील है कि आप घर पर रहें. इससे आप तो सुरक्षित रहेंगे ही दूसरे भी सुरक्षित रहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button