
Ranchi : कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए पूरे राज्य को 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है. सभी अधिकारियों की छुट्टी रद्द करने का निर्देश भी सरकार के स्तर दिया गया है.
उसके बाद भी कई अधिकारी इस आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं. ऐसा ही एक वाकया गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड में आया है. प्रखंड के बीडीओ मनोज कुमार सरकार के निर्देशों के बावजूद छुट्टी पर चले गये हैं.
इसकी जानकारी मिलते ही जिला के डीसी हर्ष मंगला ने कार्रवाई शुरू कर दी है. उन्होंने बीडीओ के प्रखंड मुख्यालय में अनाधिकृत रूप से गायब होने को लेकर ग्रामीण विकास विभाग से उनके निलबंन की अनुशंसा की है. इस बात की पुष्टि गढ़वा डीसी ने न्यूज विंग से भी की है.
इसे भी पढ़ें – एकबार फिर देश को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, आज रात 8 बजे #CoronaVirus पर करेंगे बात
निरीक्षण के क्रम में मिली जानकारी
डीसी ने बताया कि बिना किसी सूचना के मेराल प्रखंड विकास अधिकारी छुट्टी पर गये थे, जो कि सरकार के निर्देश के तहत गलत है.
इससे पहले वे कोरोना वायरस की स्थिति को जानने के लिए और लॉकडाउन के आदेश के अनुपालन के लिए मंगलवार को मेराल प्रखंड के औचक निरीक्षण के लिए गये थे.
इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि बीडीओ अनाधिकृत रूप से प्रखंड मुख्यालय से गायब हैं. इसके बाद उन्होंने विभाग से बीडीओ को निलंबित करने की अनुशंसा की है.
इसे भी पढ़ें – क्या यह सच है कि मोदी सरकार 19 मार्च तक N-95 और PPE किट का निर्यात 10 गुणा कीमत पर करती रही



