
Girish Malviya
आखिर यस बैंक इस बुरी स्थिति में कैसे पहुंच गया कि खाताधारकों के पैसे निकालने पर रोक लगा दी गयी. इस स्थिति का आखिर जिम्मेदार कौन है? सीधी और साफ बात है कि यस बैंक की इस स्थिति का जिम्मेदार रिजर्व बैंक है जिसने बतौर नियामक अपनी ड्यूटी ठीक से नही निभायी.
आपको जानकर बेहद आश्चर्य होगा कि यही रिजर्व बैंक जो आज खाताधारकों पर प्रतिबंध लगा रहा है, वही रिजर्व बैंक ठीक एक साल पहले यस बैंक के प्रबंधन को क्लीन चिट बांट रहा था.
फरवरी 2019 में यस बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को सूचित किया कि उसे आरबीआइ की तरफ से 2017-18 की रिस्क असेसमेंट रिपोर्ट मिल गयी है और उसे बैंक द्वारा घोषित एनपीए के आकलन में कोई अंतर नहीं मिला ओर न उसमे किसी तरह की गड़बड़ी का जिक्र है.
रिपोर्ट में कहा गया था कि प्रॉविजनिंग के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी नहीं पायी गयी है.
फरवरी 2019 में आरबीआइ की तरफ से फंड डायवर्जन और प्रॉविजनिंग के मामले में क्लीन चिट मिलने के बाद यस बैंक के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया था.
मजेदार बात यह भी है कि जब स्टॉक एक्सचेंज को यह जानकारी दे दी गयी तो रिजर्व बैंक को होश आया. उसने कहा कि यह रिपोर्ट सार्वजनिक करना नियमों का उल्लंघन है.
इसे भी पढ़ें : पलामू: 20 साल से फूस की झोपड़ी में रह रहा मुसहर परिवार, सभी सरकारी लाभ से वंचित
एक बात और… कल देश का मीडिया चिल्ला-चिल्लाकर यह बता रहा था कि यस बैंक अनिल अंबानी की कम्पनियों, कैफे कॉफ़ी डे, जेट एयरवेज, कॉक्स एंड किंग्स, सीजी पावर आदि को लोन दे चुका था इसलिए डूब गया. लेकिन यस बैंक के सबसे बड़े कर्जदार का किसी ने नाम तक लेना उचित नही समझा और वो है इंडिया बुल्स.
यस बैंक की इस हालत का बड़ा जिम्मेदार इंडिया बुल्स भी है. यस बैंक के साथ इंडिया बुल्स के रिश्ते कुछ ज्यादा ही प्रगाढ़ हैं.
आज तक ने कुछ दिनों ही पहले खुलासा किया था कि यस बैंक के कुल नेटवर्थ का एक चौथाई इंडियाबुल्स समूह में फंसा हुआ है. यस बैंक का कुल नेटवर्थ करीब 27,000 करोड़ रुपये है. यस बैंक के इसमें 6,040 करोड़ रुपये दांव पर लगे हैं.
इसे भी पढ़ें : आयुर्वेद और योग में है कोरोना का इलाज, हवा से नहीं फैलता इसलिए मास्क पहनना जरूरी नहीं : रामदेव
2009 से 2019 तक यस बैंक ने इंडियाबुल्स को लोन दिया. इसके अलावा 14 कंपनियों को 5,698 करोड़ का लोन दिया गया. इनमें से कई कंपनियों की नेटवर्थ निगेटिव थी. कई कंपनियों का कोई कारोबार ही नहीं था.
इसके साथ ही इंडियाबुल्स ने यस बैंक के पूर्व प्रवर्तक राणा कपूर और राणा कपूर के परिवार से जुड़ी सात कंपनियों को 2,034 करोड़ का लोन दिया. इन 7 कंपनियों ने रिटर्न फाइल नहीं की.
आज शायद इसी सिलसिले में कल देर रात राणा कपूर के ठिकानों पर छापेमारी भी की गयी है.
साफ है कि जब ये सारे घपले-घोटाले चल रहे थे तो रिजर्व बैंक और मोदी सरकार आंख मीच कर बैठे हुए थे और अब जब पानी सर से ऊपर गुजर रहा है तो उन्हें होश आ रहा है.
इसे भी पढ़ें : #Dhanbad: यौन शोषण केस में MLA ढुल्लू महतो को नहीं मिली अग्रिम जमानत,पड़ोसी से मारपीट मामले में राहत
डिसक्लेमरः इस लेख में व्यक्त किये गये विचार लेखक के निजी विचार हैं. लेख में दी गयी किसी भी तरह की सूचना की सटीकता, संपूर्णता, व्यावहारिकता और सच्चाई के प्रति newswing.com उत्तरदायी नहीं है. लेख में उल्लेखित कोई भी सूचना, तथ्य और व्यक्त किये गये विचार newswing.com के नहीं हैं. और newswing.com उनके लिए किसी भी प्रकार से उत्तरदायी नहीं है.




