
Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा में रविवार को “गद्दारों को गोली मारो” का नारा लगानेवाले तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है.
कोलकाता पुलिस की ओर से सोमवार बताया गया है कि रविवार देर रात न्यू मार्केट थाने की पुलिस ने छापेमारी कर इन्हें पकड़ा है.
धर्मतल्ला में सभा स्थल के ठीक बाहर जहां गद्दारों को गोली मारो के नारे लगाये गये थे, वहां का सीसीटीवी फुटेज देखा गया है. उसमें जो लोग नारे लगा रहे हैं उन्हें चिन्हित किया गया है और तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
बाकी लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलेगा. कोलकाता पुलिस सूत्रों ने बताया है कि पुलिस ने इंद्रजीत कुमार माल (29) नामक शख्स की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है.
इसे भी पढ़ें – कोयला कारोबारी प्रेम सागर मुंडा को अपराधियों ने मारी गोली, मौत
रैली से पहले लगा था नारा
दरअसल रविवार दोपहर करीब ढाई बजे अमित शाह शहीद मीनार मैदान में संबोधन करने के लिए पहुंचे थे. उसके पहले रैली की शक्ल में भाजपा कार्यकर्ता मैदान में पहुंच रहे थे. शहीद मीनार मैदान से चंद कदम पहले माकपा और कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता एकजुट होकर अमित शाह, भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे.
वहां से जब भाजपा की रैली गुजरी तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने माकपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को देख कर “देश के गद्दारों को गोली मारो….” का नारा लगाया था.
इसे भी पढ़ें – कार्य में लापरवाही के कारण निगम के टाउन प्लानर मनोज कुमार हटाये गये, गजानंद राम को शोकॉज नोटिस



