JharkhandRanchi

बजट सत्र के पहले राजनीतिक किचकिच चरम पर, नेता प्रतिपक्ष को लेकर बीजेपी और जेएमएम में ठनी

Akshay Kumar Jha

Ranchi: पिछली सरकार में भी जेवीएम अपनी राजनीतिक वजहों से पांच साल तक लगातार चर्चा में रहा था. वजह जेवीएम के छह विधायकों का पार्टी छोड़ कर बीजेपी में शामिल हो जाना था.

इस बार भी जेवीएम के बीजेपी में विलय को लेकर ही चर्चा हो रही है और उम्मीद जतायी जा रही है कि काफी दिनों तक यह चर्चा होती रहेगी.

पिछली बार सरकार में शामिल हुए छह विधायकों का कहना था कि उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी है बल्कि पार्टी का विलय ही बीजेपी में हो गया है. जिसे विधानसभा की झालसा कोर्ट ने सही पाया.

अब वही बाबूलाल मरांडी जो पिछले पांच साल जेवीएम के वजूद की लड़ाई लड़ते रहे थे, वो इस बार खुद ही बीजेपी में पार्टी के विलय का क्लेम कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें – रांची व धनबाद नगर निगम, रांची रजिस्ट्री ऑफिस और डोरंडा थाना में ACB की छापेमारी, आशा लकड़ा ने कहा- है राजनीतिक षडयंत्र

इधर पार्टी के दो और विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की जेवीएम का कांग्रेस में विलय का क्लेम कर रहे हैं. इस बीच सबसे मजेदार बात यह कि विधानसभा अध्यक्ष ने जेवीएम के विधायक दल के नेता के तौर पर प्रदीप यादव को सर्वदलीय बैठक के लिए आमंत्रण दिया है.

बीजेपी की तरफ से पूर्व मंत्री सीपी सिंह को बुलाया गया है. इससे आनेवाले दिनों के राजनीतिक उठापटक के अभी से सिग्नल मिलने लगे हैं.

बाबूलाल बीजेपी विधायक दल के नेता, लेकिन नेता प्रतिपक्ष नहीं

झारखंड की राजनीति आनेवाले दिनों में देश के लिए फिर एक बार नजीर पेश कर सकती है. बीजेपी ने हाल ही में पार्टी में शामिल हुए बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना है. लेकिन आनेवाले बजट सत्र में बाबूलाल मरांडी को सदन में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी मिलती है या नहीं यह अभी सवालों के घेरे में है.

विधानसभा अध्यक्ष ने बीजेपी की तरफ से सीपी सिंह को बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक के लिए बुला कर इसके साफ संकेत दे दिया है.

इसका साफ मतलब निकाला जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष ने तकनीकी रूप से बाबूलाल मरांडी का बीजेपी में जाना स्वीकार नहीं किया है.

ऐसे में विधानसभा की तरफ से बाबूलाल को नेता प्रतिपक्ष माना जाना दूर की कौड़ी लग रही है. इधर इस मामले को लेकर बीजेपी ने अपना स्टैंड साफ कर दिया है.

इसे भी पढ़ें – रांची: लॉ यूनिवर्सिटी की छात्रा से रेप के मामले में 11 आरोपी दोषी करार, 2 मार्च को होगा सजा का एलान

मैं बैठक में नहीं शामिल हो सकताः सीपी सिंह

मामले पर न्यूज विंग से बात करते हुए पूर्व मंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता सीपी सिंह ने कहा है कि जब पार्टी की तरफ से बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है, तो विधानसभा की बैठक में विधायक दल के नेता के तौर पर मैं कैसे जा सकता हूं.

उन्होंने कहा कि अगर विधायक दल के नेता का चुनाव नहीं हुआ होता तो वो जरूर जाते. कहा कि मैंने विधानसभा अध्यक्ष को आभार व्यक्त करते हुए इस बात से अवगत करा दिया है कि मैं सत्र से पहले होनेवाले सर्वदलीय बैठक में बीजेपी की तरफ से बतौर विधायक दल का नेता नहीं आ सकता.

स्पीकर को दलगत भावना से ऊपर उठ कर काम करना चाहिएः दीपक प्रकाश

मामले पर बीजेपी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने न्यूज विंग से कहा कि बीजेपी के विधायक दल की बैठक हुई. बैठक में बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना गया है. इस बात की सूचना विधानसभा अध्यक्ष को दे दी जा चुकी है.

पूरी प्रक्रिया संवैधानिक तौर से किया गया है. इसलिए स्पीकर महोदय को निष्पक्षता बरतते हुए बाबूलाल मरांडी को बैठक में बुलाना चाहिए. हर हाल में स्पीकर को दलगत भावना से ऊपर उठ कर काम करना चाहिए.

जो नियमसंगत होगा वो किया जायेगाः विधानसभा अध्यक्ष

मामले पर न्यूज विंग से बात करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि विधानसभा की तरफ से जो नियमसंगत होगा, वो किया जायेगा. अभी मुझे इस बात की जानकारी नहीं है कि सीपी सिंह ने बैठक में आने से मना किया है या नहीं. बीजेपी की तरफ से जितने कार्यक्रम हुए हैं, उनकी जानकारी दी गयी है.

इसे भी पढ़ें – #Delhi_Violence:  मरने वालों की संख्या 22 पहुंची, आईबी के कर्मचारी अंकित का शव मिला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button