
NewDelhi : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प सोमवार को आईटीसी मौर्य होटल में ठहरेंगे और इसी के मद्देनजर होटल में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजार किये गये हैं. सेना और अर्द्धसैन्य बल उन रास्तों पर जांच कर रहे हैं जहां से ट्रम्प गुजरेंगे.
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां अमेरिका की खुफिया सेवा के साथ मिलकर भी काम कर रही हैं.
उन्होंने बताया कि ऊंची इमारतों पर एनएसजी की ड्रोन रोधी टुकड़ी, विशिष्ट स्वैट कमांडो, पतंग पकड़ने वाले दलों, श्वान दलों, शार्प शूटर्स को तैनात किया गया है तथा होटल में और उसके आसपास के इलाकों तथा मार्गों पर पराक्रम वैनों को तैनात किया गया है.

हाई-डेफिनिशन वाले सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे लगाये गये
सुरक्षा बंदोबस्त के लिए छह जिलों के पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की करीब 40 टुकड़ियों को काम में लगाया गया है. अधिकारियों ने बताया कि सरदार पटेल मार्ग पर रात में साफ तस्वीर लेने के साथ ही हाई-डेफिनिशन वाले सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं ताकि 24 घंटे स्थिति पर नजर रखी जा सकें. होटल आईटीसी मौर्य इसी मार्ग पर स्थित है. पांच साल पहले जब अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा राष्ट्रीय राजधानी आये थे तो दिल्ली पुलिस ने 605 सीसीटीवी कैमरे किराये पर लिये थे और इसे किराये पर लेने, लगाने तथा बाद में हटाने पर एक करोड़ से अधिक रुपये खर्च किये थे.
इसे भी पढ़ें : #President’s_Supper में नहीं जाऊंगा, विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, सोनिया गांधी को भोज का निमंत्रण क्यों नहीं दिया
एजेंसियां पहले के मुकाबले अधिक सतर्क एवं चौकस
सूत्रों ने बताया कि ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने के मद्देनजर इस बार सुरक्षा का खतरा अधिक है और एजेंसियां पहले के मुकाबले अधिक सतर्क एवं चौकस हैं. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, हमने अर्द्धसैन्य बल और सेना से हमला रोधी दलों का अनुरोध भी किया है. वे अमेरिकी राष्ट्रपति की यहां की यात्रा के दौरान उनके रास्ते में आने वाले हर मार्ग पर नियमित रूप से हमला रोधी जांच करते रहे हैं.
अधिकारियों ने बताया कि बहु चरणीय सुरक्षा व्यवस्था के अलावा दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये हैं. ट्रम्प का काफिला जिन सड़कों से गुजरेगा उन सभी पर दोहरे बैरिकेड लगाये गये हैं. रास्ते पर हवाई निगरानी भी रखी जायेगी.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गाड़ियों को लेन में रखने के लिए मार्ग पर मॉड्यूलर कंक्रीट या प्लास्टिक के बैरियर लगाये गये हैं. दिल्ली सरकार नागरिक संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रही है.
इसे भी पढ़ें : भारत दौरे से पहले ट्रंप का बाहुबली अवतार, कहा- वहां दोस्तों से मिलने के लिए उत्साहित
मेलानिया ट्रम्प का दिल्ली एक स्कूल का दौरा करेंगी
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प का दिल्ली सरकार के एक स्कूल का दौरा करने का भी कार्यक्रम है. उस स्कूल तक जाने वाले रास्ते पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे. प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर पेड़ों को काट दिया गया है. सुरक्षा को लेकर अमेरिका के सुरक्षा एजेंटों के साथ बैठकें भी की गयी है. आईटीसी मौर्य में तीन चरणीय सुरक्षा कवर होगा. चाणक्यपुरी में डिप्लोमैटिक एन्क्लेव में स्थित होटल में हर मंजिल पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी मौजूद होंगे.
दिल्ली पुलिस की सुरक्षा शाखा के कर्मी अमेरिका की सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर अंदरुनी सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे. सुरक्षा का दूसरा चरण होटल के लॉबी क्षेत्र, पार्किंग, लॉन क्षेत्र तथा पूल के आसपास होगा जबकि तीसरे चरण में जिला पुलिस के कर्मी होंगे. होटल के सामने बहुत बड़ा हरित क्षेत्र है और सुरक्षाकर्मी वहां भी तैनात होंगे. यहां तक कि पड़ोस में स्थित ताज पैलैस होटल में भी सुरक्षाकर्मी कड़ी निगरानी रख रहे हैं.
पांच सितारा होटल के सभी 438 कमरे बुक
आईटीसी मौर्य में जिस मंजिल पर ग्रैंड प्रेजीडेंशियल सुइट स्थित है वहां होटल के अधिकांश कर्मियों को जाने की अनुमति नहीं है. सूत्रों ने बताया कि होटल में पिछले दो सप्ताहों से सुरक्षा बंदोबस्त चल रहे हैं. एनएसजी कमांडो और दिल्ली पुलिस के कर्मी नियमित रूप से हर मंजिल पर गश्त दे रहे हैं. अमेरिकी दूतावास के अधिकारी भी तैयारियों पर नजर रख रहे हैं. सूत्रों ने बताया कि जिस वक्त ट्रम्प और उनके साथ आये लोग होटल में होंगे उस दौरान अन्य मेहमानों के लिए होटल बंद होगा और पांच सितारा होटल के सभी 438 कमरे बुक कर लिये गये हैं.
इसे भी पढ़ें : ‘‘नमस्ते ट्रंप’’ कहने के लिए तैयार है अहमदाबाद, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम




