
- अलीपुरद्वार जिले के राजाभात चाय बागान में इस घटना के बाद हड़कंप
Alipurduar: तेंदुए व इंसान के बीच संघर्ष की चर्चा अक्सर फिल्मों व किस्सों में देखने व सुनने को मिलती है, पर पश्चिम बंगाल के अलीपुद्वार जिले में रियल लाइफ में यह देखने को मिला.
चाय बागान में काम कर रही एक महिला श्रमिक पर अचानक एक तेंदुए ने हमला बोल दिया. अपनी जान बचाने के लिए महिला करीब 15 मिनट तक तेंदुए से लोहा लेती रही. अलीपुरद्वार जिले के राजाभात चाय बागान के 10 नंबर सेक्शन में शुक्रवार को इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत है.
इसे भी पढ़ें – #JBVNL के MD राहुल पुरवार वेटिंग फॉर पोस्ट, पूर्व CM के OSD राकेश भेजे गये हजारीबाग कमिश्नर ऑफिस
तेंदुए ने अचानक हमला बोला
बताया जाता है प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी श्रमिक बागान में काम कर रहे थे. इस बीच अचानक एक तेंदुआ ने बागान में काम कर रही महिला श्रमिक अनीता नागासिया (35) पर हमला बोल दिया. तेंदुआ महिला को अपना शिकार बनाना चाहता था.
इस मकसद से उसने उसकी कमर पर हमला किया. इसके साथ ही उसने उसके दाहिने हाथ को जख्मी कर दिया. अनीता तेंदुए से खुद को बचाने के लिए लगातार उससे जूझती रही. करीब 15 मिनट तक जिंदगी और मौत के बीच यह जद्दोजहद चलती रही.
कुछ देर बाद आसपास से भारी संख्या में श्रमिक अनीता की और दौड़े. इतनी भारी संख्या में लोगों को अपनी ओर आते देख तेंदुआ डर गया और वह वहां से भाग निकला. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से जख्मी अनीता नागासिया को वहां से उठा कर लताबारी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया.
फिलहाल वहीं उसका इलाज चल रहा है. बागान के श्रमिकों ने बताया कि अक्सर चाय बागान में तेंदुए का हमला होता रहता है. उन लोगों ने बताया कि इस बारे में वन विभाग को बार-बार सूचित करने के बावजूद वन विभाग की ओर से इस दिशा में कोई गंभीर पहल नहीं की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत एक करोड़ 20 लाख लोगों का हुआ रजिस्ट्रेशनः मलय घटक



