
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं को बेरोजगारी भत्ता और रोजगार देने का वायदा अपने चुनावी घोषणापत्र में किया था. अब उन्होंने अपने वायदे को पूरा करने की ओर कदम बढ़ा दिये हैं.
बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने के अपने वादे को पूरा करने के लिए उन्होंने राज्य के सभी एंप्लॉयमेंट एक्सचेंज को बिना देर किये एक्टिव करने को कहा है.
साथ ही यह भी कहा कि जिला और ब्लॉक स्तर पर कैंप लगा कर बेरोजगारों को पंजीकृत करें.
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि पूरे राज्य में जिला से लेकर प्रखंड तक नियोजनालय शिविरों में 16 वर्ष से अधिक उम्र के रोजगार तलाश रहे युवाओं का पंजीकरण किया जाये.
उन्होंने कहा कि पंजीकरण के बाद जल्द ही बेरोजगार युवक-युवतियों को सरकार की ओर से दी जाने वाली प्रस्तावित प्रोत्साहन राशि और रोजगार के उपलब्ध अवसरों से जुटाने में काम किया जा सकेगा.
इसे भी पढ़ें : बनारस हिंदू विवि में एडमिशन शुरू, 29 फरवरी तक करें ऑनलाइन आवेदन
नियोजनालय को करें दुरुस्त
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह भी कहा है कि अगर नियोजनालय भवन अच्छी स्थिति में ना हो तो उसे किसी अन्य भवन में शिफ्ट किया जाये. अच्छी व्यवस्था रखें, पेयजल, शौचालय बैठने आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये.
वहीं मुख्य सचिव डॉ डी के तिवारी ने श्रम नियोजन विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का एवं सभी डीसी को निर्देश देते हुए कहा कि जिलों के नियोजनालय को जिले का महत्वपूर्ण केंद्र बनायें.
रोजगार के लिए युवाओं को स्पष्ट पता रहे कि उन्हें कहां जाना है. मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भी सभी डीसी को जिला और प्रखंड स्तर पर शिविर लगा कर बेरोजगार युवाओं का पंजीकरण कराने का भी निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें : पथ निर्माण विभाग में होता रहा भष्टाचार, चुप रहे जवाबदेह पूर्व मंत्री रघुवर दास और सचिव केके सोन
शिक्षा और कौशल के अनुसार बेरोजगारों का करें वर्गीकरण
मुख्य सचिव ने प्रधान सचिव श्रम नियोजन से कहा कि वे जिलों में हो रही कार्रवाई का सतत निगरानी करें.
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि पंजीकरण के साथ युवाओं का शिक्षा और कौशल संबंधी जानकारी के आधार पर वर्गीकरण भी करें ताकि उनके लिए किस प्रकार के रोजगार और कौशल विकास की जरूरत है तो उसके लिए कार्य किया जा सके.
इसे भी पढ़ें : #Palamu: जुगाड़ से बना डाली इलेक्ट्रिक स्कूटी, पहले भी कर चुके हैं कई अविष्कार




