
NewDelhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परीक्षा पे चर्चा कांग्रेस को रास नहीं आयी है. सीनियर कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम को राजनीतिक तिकड़म बताया है. कपिल सिब्बल का कहना है कि छात्रों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहने के बजाय पीएम मोदी को उन्हें बोर्ड परीक्षाओं के लिए पढ़ाई करने देना चाहिए था.
जान लें कि सोमवार को दिल्ली के तालकटोरा इनडोर स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों से मुखातिब हुए और उन्हें परीक्षा के तनाव से मुक्ति के टिप्स दिये.
इसे भी पढ़ें : एक जून से ‘एक राष्ट्र एक राशन कार्ड’, फिलहाल 16 राज्यों में व्यवस्था लागू: रामविलास
छात्रों के साथ यह नाइंसाफी है
पीएम मोदी के कार्यक्रम की आलोचना करते हुए सिब्बल ने कहा, यह और कुछ नहीं, बस राजनीतिक तिकड़म है. कहा कि पीएम मोदी को इन बच्चों को इस कार्यक्रम में बुलाने के बजाय उन्हें बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने देना चाहिए था. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ यह नाइंसाफी है, क्योंकि अगर प्रधानमंत्री छात्रों को संबोधित करना चाहते हैं तो कोई चाहकर भी इससे मना नहीं कर पायेगा.

इसे भी पढ़ें : #WestBengal सरकार भी CAA के खिलाफ पारित करेगी प्रस्ताव, 27 को विधानसभा का विशेष सत्र
छात्रों को समय का उपयोग बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए करना चाहिए
सिब्बल ने कहा कि पीएम के कार्यक्रम के लिए कहा जायेगा, तो स्कूलों के प्रिंसिपल और स्कूल प्रशासन छात्रों को भेजेंगे ही. कांग्रेस नेता ने कहा, लेकिन इससे छात्रों को नुकसान होता है, उनकी तैयारियों को नुकसान पहुंचता है. मैं समझता हूं कि यह बहुत गलत है. मुझे लगता है कि छात्रों को इस समय का उपयोग अपनी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए करना चाहिए.
जान लें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशभर के करोड़ों बच्चों और अभिभावकों की क्लास ली. इसके लिए दिल्ली के तालकटोरा इनडोर स्टेडियम में परीक्षा पे चर्चा का आयोजन किया गया था. बच्चों के लिए पीएम मोदी के कार्यक्रम परीक्षा पे चर्चा’ का ये तीसरा साल रहा. 2018 में पहली बार इसकी शुरुआत की गयी थी.
बोर्ड परीक्षाओं से पहले प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का उद्देश्य है छात्र-छात्राओं को परीक्षा के तनाव से दूर करना और उन्हें सफलता के मायने समझाना था. कार्यक्रम दिन के 11 बजे से शुरू हुआ. अंत में पीएम मोदी बच्चों से मिले और उन्हें ऑटोग्राफ भी दिये.
इसे भी पढ़ें : #CAA_Protest: लखनऊ में शायर मुनव्वर राना की बेटियों समेत 160 महिलाओं पर मुकदमा




