
Palamu: नागरिक संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ युवाओं ने प्रदर्शन किया. सीएए और एनआरसी के खिलाफ गुरुवार को कुछ युवा डालटनगंज धरना पर बैठ गए.
इसे भी पढ़ेंःसरयू की शिकायत पर डीजी रैंक के अधिकारी ने की सीआइडी ऑफिस की जांच
युवाओं ने कहा कि इस काले कानून के खिलाफ समाज के लोग कब विरोध मार्च निकालेंगे? यह समझ नहीं आ रहा है. हालांकि बाद में समाज के कुछ जानकार लोगों ने युवकों को समझाया कि इसके लिए अनुमति लेनी पड़ती है. अनुमति नहीं मिली है. परमिशन मिलने के बाद ही आन्दोलन किया जा सकता है.
युवाओं का धरना
कई शहरों में एनआरसी और सीएए के खिलाफ आन्दोलन देखकर पहाड़ी और मुस्लिम नगर के युवा विरोध मार्च करना चाहते हैं. इसके लिए उन्होंने आज मुस्लिमनगर स्थित लौंग लाइफ अस्पताल के बगल मैदान में बैनर पोस्टर के साथ धरना दिया.
युवाओं ने मुस्लिम समाज के सदर, मुहर्रम इन्तेजामिया कमिटी के जेनरल खलीफा से एनआरसी और सीएए जैसे काले कानून का विरोध कब करेंगे, इसकी जानकारी मांगी. साथ ही सरकार से इस कानून को वापस लेने की मांग की. धरना का नेतृत्व शहरेयार खान ने किया, जबकि संचालन शब्बीर अहमद ने किया.
मेदिनीनगर मुहर्रम इन्तेजामिया कमिटी जेनरल खलीफा मुस्तफा कमाल ने धरना में बैठे लोगों को आश्वासन दिया कि झारखंड में सरकार बनने के बाद जनवरी में भव्य तरीके से जुलूस निकाला जायेगा, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया.
शांति बनाये रखने के लिए प्रशासन की स्पष्ट गाइड लाइन
विदित हो कि गत 21 दिसम्बर को शहर थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एनआरसी और सीएए के समर्थन/विरोध में किसी भी प्रकार के संभावित जुलूस को देखते हुए शहर के गण्यमान्य लोगों के साथ बैठक की गई थी.

इसमें निर्णय लिया गया था कि अगर जुलूस किन्हीं के द्वारा निकाला जाता है तो जुलूस के नेतृत्वकर्ता के रूप में जो भी संगठन जुलूस में शामिल होंगे, उन्हें शांतिपूर्ण जुलूस निकालने की पूरी जिम्मेदारी लेनी होगी. अगर विधि व्यवस्था की कोई समस्या उत्पन्न होती है तो विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई जुलूस के नेतृत्वकर्ता पर होगी.
इसे भी पढ़ेंःझारखंड बीजेपी को है मजबूत नेतृत्व की दरकार, पार्टी किस नेता को थमायेगी कमान ?
नहीं चलने देंगे मनमानी: शहर थाना प्रभारी
इधर, पुलिस-प्रशासन ने सीएए एवं एनआरसी के विरुद्ध होने वाले प्रदर्शन की आशंका से पूर्व पूरे शहरी क्षेत्र के कई इलाकों में पैदल मार्च किया. शहर थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पहाड़ी मोहल्ला से होते हुए बाजार, स्टेशन रोड एवं रेड़मा होते हुए पूरे शहर में फ्लैग मार्च किया गया.
थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि एनआरसी के पक्ष-विपक्ष में हो रहे विरोध-प्रदर्शन के दौरान देश में हो रही सभी घटनाओं से प्रशासन सचेत है. सर्वसाधारण को विरोध या पक्ष में किसी भी तरीके से हिंसक ना बनाने की अपील पूरे पुलिस प्रशासन की तरफ से है.
अपील नहीं मानने पर प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने को तैयार है. पुलिस किसी तरह की मनमानी नहीं चलने देगी.
युवाओं द्वारा दिये गये धरने में सलीम सदर, मुख्तार अब्बास, नाजीर अनवर, मुसैफ फैसल, मो. रिज्वान, शाकीर आलम, मो. सैफ नवाज, ईमरान, शाहीद खान, अरबाज, काफील, सरताज, शाहीद, जफर महबूब, रामिश अजीम, तालीब खान, इमरान अहमद, वक्कास अहमद, अरशद, मो. इमरोज आलम, बिक्की, सैफुल्लाह, मन्टू, सोनू राईन, आसीफ, नयाब, अशरफ, सैफ राईन, मो. वक्कास, मो. फिरोज, शमीर खान समेत कई लोग मौजूद थे.
इसे भी पढ़ेंः#Dhullu: मामूली अंतर से मिली जीत पर भड़के भाजपा विधायक ढुल्लू महतो, अपने समर्थकों को लगायी फटकार




