Jharkhand Vidhansabha Election

#JharkhandElection : 5th फेज गठबंधन का अभेद्य किला, विरोधी हिला भी नहीं सकते- आरपीएन सिंह

Ranchi : झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे और पांचवें चरण में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आरपीएन सिंह ने गठबंध की बेहतर जीत का दावा किया है.

उन्होंने कहा है कि कांग्रेस एवं गठबंधन कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान जिस मेहनत और लगन से काम किया है, उससे पार्टी काफी मजबूत स्थिति में है.

पिछले पांच वर्षों में जनता की समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं को लेकर पार्टी नेता लगातार संघर्ष करते रहे हैं. आज उसी का नतीजा है कि पार्टी लगातार हर चरण के चुनाव में बढ़त बनाती जा रही है.

उन्होंने कहा कि सोमवार को होने वाले चौथे चरण के 15 सीटों के चुनाव में कांग्रेस का परचम लहरायेगा और पांचवा चरण तो हमारा अभेद्य किला है, जिसे विरोधी हिला भी नहीं सकते.

प्रदेश अध्य़क्ष ने यह बातें पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कही. इस दौरान  प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, संजय लाल पासवान सहित कई नेता उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें : #Jharkhand में HIV के 24396 मरीजों में सिर्फ 11800 ही ले रहे हैं दवा, जागरुकता की कमी बड़ी वजह

झारखंड की स्थिति पर पीएम का नहीं बोलना संदेहास्पद

आरपीएन ने कहा कि पीएम मोदी ने प्रदेश चुनाव के दौरान अपने भाषणों में केवल कांग्रेस की ही चर्चा की. जबकि हकीकत यही है कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी पीएम को कोई अपशब्द नहीं कहे.

आज पूरे देश में झारखंड की जो स्थिति है, राज्य में जिस तरह भूखमरी से मौत, किसानों की आत्महत्या की घटनाएं घटी हैं, इन सभी पर अपने भाषण में कोई टिप्पणी नहीं की.

बेरोजगारी को लेकर युवाओं का लगातार हो रहा पलायन, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, दुष्कर्म पर भी उनका एक शब्द नहीं कहना समझ से परे है.

आरपीएन सिंह ने कहा कि माताओं और बहनों के बारे में पीएम ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की चर्चा की, लेकिन हजारों की संख्या में बंद हुए स्कूलों के बारे में एक शब्द भी नहीं बोला.

वे यह बताना भूल गये कि स्कूल बंद होने पर ग्रामीण इलाके के बीच अपनी पढ़ाई कैसे पूरी कर पायेंगे. पूरे देश में विशेषकर झारखंड में बच्चियों की अस्मिता लगातार लूटी जा रही है, इसके बारे में भी प्रधानमंत्री ने कोई चर्चा नहीं की.

आदिवासी हितों की रक्षा का दावा करने वालों ने ही लूटी जमीन

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस संथाल की धरती से जल-जंगल-जमीन जैसे मुद्दे को सुरक्षित रखने की गारंटी दे रहे थे, उसी संथाल में रघुवर दास की सरकार ने सीएनटी-एसपीटी एक्ट, वनों का अधिकार कानून, भूमि अधिग्रहण कानून का उल्लंघन किया.

यहां की जमीन को लूट कर अडाणी को पावर प्लांट लगाने के लिए दे दिया. सबसे बड़ी बात कि इस प्लांट से जिस बिजली उत्पादन की बात कही गयी थी, वह बिजली देश या राज्य को नहीं बल्कि बंगलादेश में भेजने की पहल हुई.

कांग्रेसी नेता ने कहा कि बीजेपी नेता किसी तरह से मानसिक और आर्थिक रूप से भ्रष्ट हैं, उसका प्रमाण उनके नेताओं से ही मिल गया जब संथाल के एक मंत्री सार्वजनिक रूप से भ्रष्टाचार में लिप्त देखे गये, तो दूसरी तरफ बोकारो के विधायक ने अश्लीलता की हदें पार कर दी.

इसे भी पढ़ें : पिछले 5 सालों के मुकाबले इस वर्ष कम हुई नक्सल घटनाएं, लेकिन शहीद हुए ज्यादा जवान

सत्ता में बैठी बीजेपी ने क्यों नहीं गांधी और सोरेन परिवार पर की कार्रवाई

गांधी परिवार और हेमन्त सोरेन के परिवार पर बीजेपी नेताओं के लगाये आरोप के जवाब में प्रदेश अध्य़क्ष आरपीएन ने कहा कि अगर यह आरोप सही होता, तो क्यों नहीं पांच सालों से केंद्र और राज्य में सत्तासीन बीजेपी ने जेल भेजा.

दरअसल राज्य में कई ज्वलंत मुद्दे (चाहे भ्रष्टाचार हो, भूखमरी हो, बेरोजगारी हो या दुष्कर्म) है, सभी के कारण राज्य की जनता आक्रोशित है. ऐसे आक्रोश का परिणाम है कि बदलाव के लिए कांग्रेस पार्टी को जनता का भरपूर सहयोग एवं आर्शीवाद मिल रहा है.

इसे भी पढ़ें : #PM-CM डबल इंजन की बात करते हैं, पर नहीं बताते एक इंजन फेल हो गया- केंद्र नहीं दे रहा GST का 825 करोड़ बकाया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button