
Lahore: पाकिस्तान की करीब 629 लड़कियों एवं महिलाओं को दुल्हन के रूप में चीन के पुरुषों को बेचा गया जो उन्हें चीन ले गये. उन्हें चीन ले जाकर देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया गया.
देश के गरीब एवं कमजोर लोगों का शोषण करनेवाले मानव तस्करों के नेटवर्कों का भंडाफोड़ करने का संकल्प लेने वाले पाकिस्तानी जांचकर्ताओं ने यह सूची तैयार की है. ये महिलाएं पाकिस्तान के अलग-अलग हिस्सों की रहनेवाली हैं.
इन सभी महिलाओं और युवतियों के साथ एक जैसी ही घटना हुई. पहले चीन के पुरुषों से इनकी शादी करायी गयी और फिर उन्हें चीन ले जाया गया. जहां उन्हें देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया गया.
यह सूची 2018 से मानव तस्करी के जाल में फंसी महिलाओं की सबसे सटीक संख्या उपलब्ध कराती है. लेकिन जून में यह सूची सामने आने के बाद से नेटवर्कों के खिलाफ जांचकर्ताओं के आक्रामक अभियान की रफ्तार अचानक थम सी गयी.
इसे भी पढ़ें – निर्भया मामले के दोषी की दया याचिका खारिज, उपराज्यपाल ने गृह मंत्रालय को भेजी सिफारिश
सरकार ने जांच बंद करने का प्रयास किया
जांच की जानकारी रखने वाले अधिकारियों का कहना है कि ऐसा सरकारी अधिकारियों के दबाव की वजह से हुआ है जो चीन से पाकिस्तान के लाभप्रद संबंधों को नुकसान पहुंचने से डरते हैं.
एक इसाई कार्यकर्ता सलीम इकबाल ने कहा कि इसी वक्त, सरकार ने जांच बंद कराने का प्रयास किया, नेटवर्कों की जांच कर रहे संघीय जांच एजेंसी के अधिकारियों पर “अत्यधिक दबाव” डालने की कोशिश की. इकबाल ने चीन से युवतियों को छुड़ाने और अन्य को चीन भेजे जाने से बचाने के लिए कई परिजनों की मदद की है.
इस संबंध में घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले कई वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि मानव तस्करी की जांच धीमी हो गई, जांचकर्ता निराश हैं और पाकिस्तानी मीडिया पर इस मामले में रिपोर्टिंग बंद करने का दबाव डाला गया.
इसे भी पढ़ें – #LokSabha: कमाई गिरने पर रेल मंत्री ने कहा, सैलरी और सामाजिक दायित्व निभाने में खर्च हो रही रेलवे की बड़ी राशि



