
Dhanbad : बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो पर यौन शोषण के प्रयास का मामला दर्ज करवाने वाली पीड़िता ने भाजपा छोड़ अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ गुरुवार को कांग्रेस की सदस्यता ले ली.
ढुल्लू पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली महिला पिछले 8 सालों से भी ज्यादा समय से भारतीय जनता पार्टी के धनबाद जिला इकाई की कार्यकर्ता थीं. पार्टी के प्रति उनके समर्पण के कारण ही उन्हें धनबाद में जिला मंत्री जैसा पद दिया गया था.
उन्होंने कहा- लेकिन बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो पर जब मैंने यौन शोषण का मामला दर्ज करवाया, तभी से जिला नेतृत्व मुझसे लगातार खफा रहने लगा और लगातार मुझ पर दबाव बनाया जाने लगा कि मामला उठा लो. इसलिए आज मैंने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection : टिकट बंटने और दल-बदल की भागम-भाग के बाद जानें, कहां बीजेपी हुई मजबूत और कहां कमजोर
विश्वास है न्याय मिलेगा
कांग्रेस में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नेत्री ने कहा- मुझे पूरा विश्वास है कि मुझे न्याय मिलेगा. बेटी पढ़ाओ और बेटी बचाओ का नारा देने वाली पार्टी में आज बेटियां सुरक्षित नही हैं वैसे पार्टी में मैं रहना नही चाहती.
बाघमारा के सिजुआ स्टेडियम में आयोजित कांग्रेस की चुनावी सभा में पीड़िता ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह और छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष सदस्यता ग्रहण की.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: 2nd फेज में 44 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले, इनमें 4 पर हत्या के केस
मजदूरों का पैसा भी जाता है कमीशन में
आरपीएन सिंह ने ढुल्लू पर निशाना साधते हुए कहा कि आज बाघमारा की जनता रंगदारी, गुंडई से त्रस्त है. यंहा के मजदूरों की मजदूरी का पैसा भी कमीशन के लिए काटा जाता है.
वहीं सभा क़ो संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रघुवर दास पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आपने हाथी क़ो चलते हुए देखा होगा. बड़े तलवों में हाथी क़ो नहाते हुए देखा होगा पर रघुवर दास ही ऐसे हैं जो हाथी क़ो उड़ा सकतें हैं.
उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि झारखंड में बेरोजगार क़ो रोजगार नहीं मिला पर इनके पार्टी के लोगों क़ो रोजगार जरूर मिल गया है.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: सी-वोटर सर्वे के अनुसार बीजेपी को बहुमत नहीं, भाजपा को 33 तो गठबंधन को 30 सीटें मिलने का अनुमान




