Jharkhand Vidhansabha ElectionMain Slider

अभी सीटों पर रायशुमारी हो ही रही थी कि बीजेपी ने जारी कर दी लिस्ट, इसलिए हमने भी कर दी जारी: सुदेश महतो

Ranchi : बीजेपी और आजसू के बीच गठबंधन होगा या नहीं इसका जवाब अब भी सवालों के घेरे में है. बीजेपी के मौजूदा छतरपुर के विधायक राधा कृष्ण किशोर का टिकट कटने के बाद  उन्होंने आजसू का दामन थाम लिया है. राधा कृष्ण किशोर को लेकर आजसू प्रमुख अपने प्रदेश कार्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने राधा कृष्ण किशोर के आजसू में शामिल होने की घोषणा की.

इस बीच आजसू प्रदेश कार्यालय का कॉन्फ्रेंस हॉल मीडिया कर्मियों से खचाखच भरा हुआ था. मीडिया के लिए यह बात पुरानी हो गयी थी, कि राधा कृष्ण किशोर आजसू का दामन थाम चुके हैं. सवाल एक ही था कि एनडीए में आजसू अब है या नहीं. लेकिन सुदेश महतो ने इस सवाल पर सीधे तौर पर कुछ कहने से बचे.

उन्होंने पहले तो साफ मना कर दिया. कहा कि वो इस मामले में अभी मीडिया से बात नहीं कर सकते. लेकिन इशारों-इशारों में उन्होंने मीडिया के जरिए बीजेपी को बता दिया कि वो इस बार झुकने वाले नहीं हैं. पूरे प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सुदेश काफी सधे हुए राजनीतिज्ञ की तरह जवाब दे रहे थे. लेकिन बीजेपी के प्रति उनका गुस्सा साफ झलक रहा था.

इसे भी पढ़ें –  #JharkhandElection: लाख विरोध और हत्या समेत दस मामलों के आरोपी शशिभूषण मेहता को बीजेपी ने दिया टिकट

बिना रायशुमारी के बीजेपी ने जारी की पहली लिस्ट, इसलिए अभी किया उम्मीदवारों का ऐलानः सुदेश

आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने बड़े ही साफ शब्दों ने कहा कि हमने बीजेपी के सामने अपनी बात रखी है. उन्होंने कहा कि हमने दो तरह की बातों को बीजेपी के सामने रखा है. पहला कि चुनाव एक कॉमन एजेंडे पर लड़ा जाए.

ना कि अपनी-अपनी पार्टी के एजेंडे पर. एक एजेंडा तय हो और गठबंधन उस एजेंडे पर राज्य की खुशहाली के लिए काम करे. दूसरी बात यह है कि जिन क्षेत्रों में हमारा जनाधार है. उस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व हम करें.

साथ ही कहा कि अगर हम गठबंधन के अंदर हैं, तो सबसे पहले सीट शेयरिंग पर बात हो. इसके बाद ही लिस्ट जारी होती. अभी हमलोग आपस में सीट शेयरिंग को लेकर बात ही कर रहे थे कि इसी बीच बीजेपी की तरफ से पहली लिस्ट जारी कर दी गयी. जब उन्होंने बिना रायशुमारी के पहली लिस्ट जारी कर दी. फिर हमने अपनी पहली लिस्ट जारी की है.

हमने जो लिस्ट जारी की है, उसमें उन सीटों का उल्लेख है, जो हमारी पार्टी के बोर्ड ने तय किया था. जब मैं बीजेपी के प्रभारी महोदय से रायशुमारी कर रहा था, उस वक्त भी मैंने कहा था कि जो जहां मजबूत होंगे. वो वहां से चुनाव लड़ेंगे. जिनके लिए चुनाव लड़ने की बात थी. मजबूती को आधार बनाया जाए. जो हमारा कार्यक्षेत्र रहा है.

जहां हमारी पार्टी ने लगातार पांच साल काम किया है. उन सीटों की सूची मैंने बीजेपी को दी थी. अभी उस सूची पर बातचीत हो ही रही थी कि इसी बीच बीजेपी ने अपनी पहली सूची जारी कर दी. तो हमें भी जो 12 लोगों की सूची तैयार थी, वो हमने जारी कर दी.

इसे भी पढ़ें –  #JharkhandElection: झारखंड NDA में टूट, आजसू के बाद LJP भी एकला चलो की राह पर, 50 सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव

19 सीटों की सूची सौंपी थी, 17 फाइनल हुआ थाः सुदेश

मैंने बीजेपी को 19 सीटों की सूची सौंपी थी. लेकिन बाद में 17 सीटों की सूची बीजेपी को भेजी गयी. पूछे जाने पर कि आपकी पार्टी बीजेपी के लोगों को अपनी पार्टी में शामिल कर रही है, इस सवाल पर सुदेश महतो ने कहा कि क्या ऐसा पहली बार हो रहा है.

क्या इससे पहले बीजेपी में आजसू के लोग शामिल नहीं हुए हैं. ऐसा इस पांच साल में पहली घटना है क्या. जब आजसू वाले बीजेपी में जा रहे थे, तो उन्होंने हमने पूछा नहीं था कि इनको लेना है कि नहीं लेना है. दोनों पार्टी के बीच ऐसी कोई शर्त भी नहीं है कि आपके पार्टी के लोग मेरी पार्टी में नहीं आ सकते.

इसे भी पढ़ें –  बोकारो MLA का वीडियो वायरल होने के बाद विवादों में रहने वाले पूर्व DGP डीके पांडे को टिकट के लिए लॉबिंग

बीजेपी की वजह से कई बार हमें विपक्ष बनकर सड़क पर उतरना पड़ाः सुदेश

आगे मीडिया से बात करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि पिछले पांच सालों में आपने देखा होगा कि ऐसा कई बार हुआ कि हमारी पूरी पार्टी विपक्ष की भूमिका में सामने आए. गठबंधन में ऐसे निर्णय आने चाहिए, जिससे लोगों की भावना आहत ना हो. और उस भावना को लेकर आपके सहयोगी को कभी सड़क पर ना उतरना पड़े. ऐसा माहौल नहीं बनना चाहिए.

सिल्ली में बीजेपी आती है, तो स्वागत हैः सुदेश

एक पत्रकार ने सुदेश महतो से पूछा कि सिल्ली में भी अगर बीजेपी उम्मीदवार उतारती है तो क्या करेंगे. जवाब में सुदेश महतो ने कहा कि ऐसा होता है तो स्वागत है बीजेपी का.

आधिकारिक रूप से बीजेपी कहे कि गठबंधन टूट गया

एक सवाल के जवाब में सुदेश महतो ने कहा कि मैं इंतजार कर रहा हूं. बीजेपी मेरे प्रस्तावों का आधिकारिक रूप से जवाब दे. उसके बाद ही मैं कुछ कह सकता हूं. सीटों की घोषणा पर पीछे हटने के सवाल पर सुदेश ने कहा कि 2014 में जिन आठ सीटों पर हमने चुनाव लड़ा था, उन्हीं में से दो सीटों पर बीजेपी ने अपना उम्मीदवार उतार दिया. वो भी कोई बीजेपी के कार्यकर्ता नहीं हैं.

बाहर से आए हुए लोगों को हमारी सीट पर उम्मीदवार बना दिया गया. बाहर से आए लोगों के आधार पर बीजेपी कह रही है कि यह सीट मुझे चाहिए. लोहरदगा में भी दूसरे दल से आपने आदमी उतारा. उन्होंने साफ कहा कि पहले बीजेपी से पूछा जाए कि वो पीछे हटेंगे या नहीं. मैं भी बीजेपी के इसी जवाब का इंतजार कर रहा हूं.

इसे भी पढ़ें –  चंदनक्यारी में होने वाले इस रोमांचकारी पॉलिटिकल मैच में आजसू के उमाकांत रजक ने टॉस जीता

Related Articles

Back to top button