
London : ब्रिटिश पुलिस ने बुधवार को लंदन के समीप एक ट्रक के कंटेनर से 39 शव मिलने का सनसनीखेज खुलासा किया. ऐसा माना जा रहा है कि यह ट्रक बुल्गारिया से आया था. एस्सेक्स पुलिस ने बताया कि लंदन के पूर्व ग्रेयज में औद्योगिक पार्क में घटनास्थल पर पाये गये लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है.
प्रारंभिक संकेतों से पता चलता है कि मृतकों में 38 वयस्क और एक किशोर है. हत्या के संदेह में उत्तरी आयरलैंड के 25 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है.
इसे भी पढ़ें : #SeditionCases में 45 प्रतिशत का इजाफा, असम में सबसे ज्यादा मामले, हरियाणा दूसरे नंबर पर : NCRB
ट्रक के कंटेनर में पाये गये शव
एस्सेक्स पुलिस के मुख्य अधीक्षक एंड्रयू मैरिनर ने एक बयान में कहा, यह बहुत दुखद घटना है जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जान गंवा दी. उन्होंने कहा, हम जांच कर रहे हैं कि यह घटना कैसे हुई. पुलिस ने बताया कि वाटरग्लेड इंडस्ट्रियल पार्क में ट्रक के कंटेनर के भीतर लोगों के पाये जाने के बाद एम्बुलेंस सेवा ने उन्हें सूचना दी.
मैरिनर ने कहा, हम पीड़ितों की पहचान कर रहे हैं. हालांकि मुझे लगता है कि यह लंबी प्रक्रिया हो सकती है. हमारा मानना है कि यह ट्रक बुल्गारिया से आया. उन्होंने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि ट्रक ने शनिवार को ब्रिटेन में प्रवेश किया.उन्होंने कहा, ‘‘हमने इस घटना के संबंध में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है. पूछताछ चल रही है.
इस बीच प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने ट्वीट किया कि वह इस दुखद घटना से आहत है और उन्होंने घटना के वास्तविक तथ्यों का पता लगाने के लिए एस्सेक्स पुलिस के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई. ब्रिटेन की गृह मंत्री प्रीति पटेल ने कहा कि वह ‘‘इस दुखद घटना से स्तब्ध और दुखी है. भारतीय मूल की ब्रिटिश मंत्री ने कहा, ‘‘एस्सेक्स पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और हमें उन्हें जांच करने देनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें : #Jammukashmir : डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा, आतंकी संगठन #AnsarGajwatulHind का कश्मीर से सफाया




