
Abinash Mishra
Jamshedpur : कोल्हान में राजनीतिक भागम-भाग अपने चरम पर है. सभी पार्टियों में जमकर सेंधमारी के प्रयास चल रहे हैं. अकेले कुणाल षाड़ंगी ही नहीं हैं जो नयी पार्टी का दामन थामने वाले हैं, बल्कि लगभग सभी पार्टियों के कई नेता दूसरी पार्टियों में अपना जुग्गत भिड़ा रहे हैं.
इस होड़ में पूर्व विधायक से लेकर जिला और ब्लॉक स्तर के नेता शामिल हैं. एक तरफ हर नेता अपने आप को सही जगह फिट कर अपना राजनीतिक भविष्य पुख्ता करने में जुटा है तो दूसरी तरफ राजनीतिक दलों की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा सेंधमारी कर विरोधियों को कमजोर किया जाये.
आइए आपको बताते हैं कि कोल्हान में बीते कुछ महीने में कौन से दल को किस पार्टी में सेंधमारी करने में कामयाबी मिली है:
इसे भी पढ़ें : #MP निशिकांत ने दी हेमंत को सलाह : प्रदीप यादव #JMM से लड़े, तो संथाल परगना से हो जायेगा सूपड़ा साफ
दुलाल भुइंयां लौट चुके हैं पुराने घर में
जुगसलाई से तीन बार विघायक रह चुके कोल्हान के बड़े नेता दुलाल भुइयां बीजेपी छोड़ 12 सिंतबर को जेएमएम की बदलाव यात्रा में परिवार समेंत पार्टी में शामिल हुए. बीजेपी से पहले दुलाल जेएमएम के अभिन्न अंग माने जाते थे.
वह एक बार फिर जेएमएम के साथ हैं और जुगसलाई से चुनाव की तैयारी में जुट गये हैं. हालांकि वे जुगसलाई से अपनी बहु को टिकट देने की मांग पार्टी के सामने रख चुके हैं.
डॉ अजय के अलावा कई नेता आप में शामिल
जोड़-तोड़ की राजनीति में इन दिनों आप कोल्हान में सबसे आगे है. अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी कोल्हान में सेंधमारी में सबसे ज्यादा कामयब हुई है.
जहां एक ओर आप ने डॉ अजय को अपने कुनबे में शामिल किया है, वहीं कांग्रेस के ही पूर्व जिला अध्यक्ष जावेद खान को भी पार्टी की सदस्यता दी है. जावेद खान मानगो में आप कार्यालय में 40 कांग्रेसियों के साथ आप में शामिल हुए.
इसके अलावा आजसू के सुभाष सामद और भाजपा के लाल मुनी सुरीन भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ले चुके हैं. दोनों नेता अपने क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में मजबूत पकड़ रखते हैं.
इसे भी पढ़ें : पहाड़ पर भी घर हो तो 2022 तक पहुंचा देंगे पीने का पानी, अब तक दिये साढ़े 10 लाख घर : रघुवर दास
सरायकेला के देवेंद्र महतो समेत सैकड़ों कांग्रेसी जेएमएम में
सरायकेला में भी काग्रेस के अनुभवी नेता देवेंद्र महतो अपने सैकड़ों कार्यकर्ता के साथ जेएमएम का दामन थाम चुके हैं.
सरायकेला विधायक चंपई सोरेन ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलायी. देवेंद्र महतो के पार्टी में आने से सरायकेला के ग्रामीण अंचल में जेएमएम की स्थिति पहले से ज्यादा मजबूत होने की उम्मीद है.
पशोपेश में पड़े बन्ना गुप्ता
कोल्हान से कुणाल षाडंगी के बीजेपी में शामिल होने की पुष्टि के साथ हो सबकी निगाहें बन्ना गुप्ता पर टिक गयी हैं. लेकिन अभी तक बन्ना गुप्ता पर बीजेपी का रुख स्पष्ट नहीं है. ऐसे में बन्ना मझधार में ही अटके हैं.
बता दें कि बीते कुछ समय से बन्ना बगैर कांग्रेस के झंडे के चुनावी अभियान में जुटे हुए हैं.उनके बैनर और पोस्टर से कांग्रेस का झंडा और पार्टी के बड़े नेताओं के चेहरे गायब हैं.
इसे भी पढ़ें : #JSCA की घर वापसी, 14 साल के बाद जमशेदपुर में AGM, कीनन स्टेडियम के लौट सकते हैं पुराने दिन




