
Saurav Singh
Ranchi: मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई गृह विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के द्वारा दिये आदेश के बाद झारखंड में आपराधिक गिरोह,अवैध कोयला कारोबार और गो तस्करी पर रोक लगाने के सीआइडी के द्वारा एक टीम का गठन किया गया है. यह टीम पूरे झारखंड में आपराधिक गिरोह, अवैध कोयला कारोबार और गो तस्करी से संबंधित रिपोर्ट प्राप्त करेगी और 15 दिनों के अंदर यह रिपोर्ट सीआइडी को सौंपेगी.
संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ होगी कार्रवाई
धनबाद रामगढ़ और राज्य के अन्य जिलों में संगठित अपराध के गिरोह सक्रिय हैं. राज्य में सक्रिय संगठित गिरोह के विरुद्ध कानूनी कठोर कार्रवाई करने के कार्य योजना तैयार करने के लिए लिए सीआईडी के एडीजी अनुराग गुप्ता के आदेश पर एक टीम का गठन किया गया है. जिनमें सीआइडी एसपी मनोज रतन चोथे, एटीएस पुलिस निरीक्षक रमाशंकर पटेल और सीआइडी के पुलिस निरीक्षक बाबूराम मंडल को शामिल किया गया है.
इसे भी पढ़ें – #Cabinet : प्रधानमंत्री पत्रकार जीवन बीमा योजना पर मुहर, पारा शिक्षक, बीआरपी-सीआरपी के लिए 10 करोड़ का कल्याण कोष
अवैध कोयला कारोबार में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और लोगों को चिन्हित कर की जायेगी कार्रवाई
गृह विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के द्वारा आदेश दिया गया है कि झारखंड में हो रहे अवैध कोयले के कारोबार में संलिप्त सभी पुलिस पदाधिकारियों और कोयला कारोबारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाये. पश्चिम बंगाल से आनेवाले अवैध कोयले का झारखंड में किसी भी हालत में परिचालन नहीं होना चाहिए. जामताड़ा जिला के पुलिस खनन विभाग के पदाधिकारी के द्वारा इस पर पूर्ण रूप से रोक लगायी जाये. धनबाद जिला में अवैध कोयला व्यापार में संलिप्त अपराधकर्मी खास कर सफेदपोश व्यक्तियों पर विधि के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाये. कोयला चोरी के संबंध में विभिन्न राष्ट्रीयकृत कंपनी सीसीएल, बीसीसीएल इत्यादि के साथ खनन विभाग, परिवहन विभाग, वन विभाग ,राजस्व विभाग और गृह विभाग द्वारा मिल कर एक विशेष कार्य योजना तैयार की जाये इस कार्य योजना के क्रियान्वयन के लिए निर्धारित समय अवधि के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाये. कोयला खदानों में होने वाली चोरी तथा उससे संबंधित घटनाओं पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों की जवाबदेही निर्धारित कर कार्य योजना तैयार की जाये.
टीम का किया गया है गठन
मुख्यमंत्री के द्वारा अवैध कोयले के कारोबार पर रोक लगाने के लिए दिये आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए सीआइडी के द्वारा एक टीम का गठन किया गया है. इस टीम में एटीएस एसपी ए विजयालक्ष्मी, पुलिस निरीक्षक एटीएस राकेश कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक सीआइडी मनोज कुमार गुप्ता और इंदु शेखर झा को शामिल किया गया है. यह टीम पूरे झारखंड राज्य में कोयला से संबंधित रिपोर्ट प्राप्त करेगी. पूर्व में प्रतिवेदित कांडों में क्या क्या कार्रवाई की गई है इसकी भी समीक्षा करेगी और उपरोक्त आदेश के अनुसार अपना कार्य पूर्ण कर 15 दिनों के अंदर सीआइडी को सौंपेगी.
इसे भी पढ़ें – #Dhullu तेरे कारण: यौन शोषण की पीड़िता ने कहा- सिर्फ मुझे ही नहीं, मेरे सहयोगियों को भी मरवाना चाहता है ढुल्लू महतो
झारखंड में गौ तस्करी में संलिप्त गिरोह के विरुद्ध होगी कठोर कार्रवाई
झारखंड में हो रहे पशु तस्करी पर रोक लगाने एवं इस कार्य में संलिप्त गिरोह के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के लिए कार्य योजना तैयार करने हेतु सीआइडी एडीजी के आदेश पर एक टीम का गठन किया गया है जिनमें एटीएस एसपी विजया लक्ष्मी, एटीएस पुलिस निरीक्षक चक्रवर्ती कुमार राम सीआइडी पुलिस निरीक्षक महेश्वर प्रसाद रंजन और अजीत कुमार सिंह को शामिल किया गया है. यह टीम पूरे झारखंड राज्य में सक्रिय पशु तस्कर गिरोह से संबंधित रिपोर्ट प्राप्त करेगी उनके विरुद्ध पूर्व में प्रति वैदिक कांडों में क्या क्या कार्रवाई की गई है इसकी भी समीक्षा करेगी और उपरोक्त आदेश के अनुसार अपना कार्य पूर्ण कर 15 दिनों के अंदर सौंपेगी.
इसे भी पढ़ें – #Newtrafficrules: चुनावी माहौल में जोखिम नहीं लेना चाहती महाराष्ट्र सरकार, गडकरी से अपील, कम करें जुर्माने की राशि



