
Ranchi : रांची स्थित अरगोड़ा थाना प्रभारी राजीव रंजन को लाइन हाजिर कर दिया गया है. वहीं असीत कुमार मोदी को अरगोड़ा थाना का कार्यभार दिया गया है. दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 सितंबर को रांची आ रहे हैं और इसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है.
वहीं मंगलवार को मोहर्रम के जुलूस की समीक्षा पर निकले एसएसपी ने राजीव रंजन से कई बार संपर्क करने की कोशिश की. लेकिन जब संपर्क नहीं हो पाया तो एसएसपी ने अरगोड़ा थानेदार राजीव रंजन को पुलिस लाइन भेजा है. जबकि उनकी जगह पर नये थानेदार असीत कुमार मोदी को बनाया गया है.
साथ ही एसएसपी ने असीत कुमार मोदी को अविलंब अरगोड़ा थाना में जल्द अपना योगदान देने का निर्देश दिया है. गौरतलब है कि अरगोड़ा थाना प्रभारी राजीव रंजन पिछले एक हफ्ते से बीमार होने के कारण छुट्टी पर चल रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – #JPSC की कार्यशैली पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं छात्र, पढ़ें-क्या कहा छात्रों ने…. (छात्रों की प्रतिक्रिया का अपडेट हर घंटे)
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 सितंबर को रांची आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा की विशेष तैयारी की है. पीएम की सुरक्षा में 8 आईपीएस, 54 डीएसपी रैंक के अफसरों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. वहीं सुरक्षा की मॉनिटरिंग एसएसपी अनीश गुप्ता खुद करेंगे. सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसपर खास ध्यान रखा जा रहा है.
इसके लिए 123 इंस्पेक्टर, 656 सब इंस्पेक्टर व 6 हजार पुलिस बल की तैनाती की गयी है. गौरतलब है कि सोमवार को एसपीजी की टीम ने रांची पहुंचकर सभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अपने हाथों ली है.
संदिग्ध लोगों पर रखी जा रही है नजर
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों से गुजरने वाले दोपहिया-चार पहिया वाहन सवारों पर पैनी नजर रखी जा रही है. किसी व्यक्ति पर संदेह होने पर रोककर उसकी जांच-पड़ताल की जा रही है. एयरपोर्ट के आसपास अभी से पेट्रोलिंग बढ़ा दी गयी है.
एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल प्रभात तारा मैदान तक सड़क किनारे स्थित ऊंचे भवनों में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे. एसएसपी ने शहर के सभी थाना प्रभारियों को लगातार भ्रमणशील और एक-दूसरे के संपर्क में रहने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें – 30 करोड़ की साड़ी के 1000 करोड़ की कंपनी ढूंढने पर बीजेपी सांसद महेश पोद्दार ने दी सलाह, कहा – विरोधाभासी फैसलों से बचना बेहतर




