Crime NewsDhanbadJharkhand

कोयलांचल में अपराधी बेलगाम, पिछले तीन साल के मुकाबले इन छह महीनों में बढ़ा अपराध

Dhanbad : कोयलांचल में पुलिस पूरी तरह फेल होती लग रही है. आम तो आम अब खास लोग भी अपनी सुरक्षा और इज्जत-प्रतिष्ठा की दुहाई मांग रहे हैं. अपराधी और दबंग लगातार मनमानी कर रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है.

सोमवार की रात धनबाद शहर के सिंटी सेंटर चाैक पर शराब में अभिनव कुमार उर्फ चिंटू ने वाहन चेकिंग करने वाले पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. इस मामले में ट्रैफिक सार्जेंट राहुल कुमार ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत की है.

यह मामला चर्चा में था ही कि तब तक मंगलवार को तेतुलमारी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक पत्रकार की बेटी पर तेजाब से हमला कर दिया. इससे साफ तौर पर जाहिर होता है कि धनबाद में अपराधी बेलगाम हो गये हैं.

धनबाद में बीते छह महीने में अपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. वहीं पिछले तीन साल की तुलना में इस बार अपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है.

इसे भी पढ़ें- मोमेंटम झारखंड तो याद ही होगा…सीएम आवास के पास लगा चेंबर का होर्डिंग्स उसी का फाइनल रिजल्ट है

पिछले तीन साल की तुलना में अपराधिक घटनाओं में हुई बढ़ोतरी

धनबाद में पिछले तीन सालों की तुलना में इस वर्ष अपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. घटनाओं में दुष्कर्म, हत्या, किडनैपिंग और दहेज हत्या ऐसी घटनाएं शामिल है. झारखंड पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक धनबाद में हत्या की घटनाएं 2016 में 70, 2017 में 58, 2018 में 88 और 2019 के बीते 6 महीने में 55 हो चुकी है.

दुष्कर्म की घटनाएं 2016 में 64, 2017 में 65, 2018 में 67 और 2019 के 6 महीने में 54.

किडनैपिंग की घटनाएं 2016 में 86, 2017 में 70, 2018 में 78 और 2019 के 6 महीने में 63 हो चुकी है.

दहेज के लिए महिलाओं की हत्या 2016 में 15, 2017 में 15, 2018 में 20 और 2019 के 6 महीने में 18 हो चुकी है.

इसे भी पढ़ें- चेंबर ने लगाया रघुवर दास के आवास के पास होर्डिंग, व्यापारियों की मार्मिक पुकार-अब तो सुध लो सरकार

चोर के आगे बेबस पुलिस

धनबाद में लोग घर में ताला बंद कर जहां निकले की अपराधी उनके घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति गायब कर लेते हैं. विगत दो माह के अंदर पूरे जिले में चोरी की रिपोर्ट देखी जाये तो पता चलेगा कि दो दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं को अपराधियों ने अंजाम दिया है.

इसमें एक-दो मामलों को छोड़कर सभी मामलों में पुलिस लाचार दिखती है. क्योंकि अपराधी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.

एक का खुलासा भी नहीं होता कि घट जाती है दूसरी घटना

पुलिस एक घटना का खुलासा भी नहीं कर पाती है कि अपराधी दूसरी घटना को अंजाम दे देते हैं. यह पुलिस की परेशानी को और बढ़ा देता है. लूट, हत्या, चोरी और दुष्कर्म जैसी घटनाओं को रोकना पुलिस के लिए चुनौती बन गयी है. अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं का अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं. और पुलिस सिर्फ मामले की जांच करती रह जा रही है.

इसे भी पढ़ें- CCL अफसर आलोक कुमार ने Housing Colony के लिए आदिवासियों को धोखा दिया, अब आंसू रोके नहीं रुक रहे (देखें वीडियो)

हाल के दिनों में हुई घटनाएं

  • 23 जुलाई: कार्मिक नगर में अपराधियों ने कार सवार जमीन कारोबारी समीर कुमार मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
  • 29 जुलाई: टुंडी थाना क्षेत्र रंजीतपुर गांव में महिला पारा शिक्षक सरस्वती हांसदा की चाकू से मारकर हत्या कर दी गयी थी.
  • 5 अगस्त: झरिया में बस्ताकोला पेट्रोल पंप के पास शाम सात बजे ऊपर कुल्ही के बकरा व्यापारी मोहम्मद शमीमुल्ला कुरैशी पर फायरिंग कर 10.25 लाख रुपए लूट लिये.
  • 20 अगस्त: तेतुलमारी में पत्रकार की नाबालिग पुत्री पर तेजाब से हमला.

Related Articles

Back to top button