
Bokaro : जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर चास प्रखंड के सुनता पंचायत में गुरुवार को वज्रपात की चपेट में आकर दो बच्चों की मौत हो गयी जबकि तीन बच्चे झुलस गये. वहीं जरीडीह प्रखंड में वज्रपात से एक महिला झुलस गयी.
आसमानी बिजली चपेट में आकर जान गंवाने वाले बच्चे रांगाडीह टोले के रहने वाले थे, जबकि घायल बच्चे कुसुमटिकरी टोले के हैं.
गंभीर रूप से झुलसे दो बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है जबकि तीसरे को उसके परिजन पुरुलिया जिले के जयपुर ब्लॉक ले गये हैं.
इसे भी पढ़ें : प्रेमी संग मिल कर पत्नी ने की थी पति की हत्या, हत्या के दो माह पूर्व हुई थी शादी
एक साथ दो हादसे
दोनों हादसे एक ही वक्त पंचायत के अलग-अलग टोलों में हुई जिससे अफरा-तफरी मच गयी.
रांगाडीह गांव में इमली पेड़ के पास लगे चापानल से प्रमोद कुमार (11) पानी लाकर पेड़ के नीचे पीसीसी सड़क पर अपना कपड़ा साफ कर रहा था, वहीं पास में पेड़ के नीचे पूजा कुमारी (7) थी. वज्रपात की चपेट में आकर दोनों बेहोश हो गये.
दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
कुसुमटिकरी गांव में इसी वक्त वज्रपात की चपेट में आकर दिनेश हेम्ब्रम (22), मिहिर रजवार (19) और डुमरीडीह की आठ वर्षीय बच्ची घायल हो गयी. वहां पर मौजूद करीब आधे दर्जन बाल-बाल बच गये.
दिनेश और मिहिर का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि बच्ची को जयपुर ले जाया गया है.
इसे भी पढ़ें : आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने वाले 30 स्कूलों के स्टूडेंट्स को नहीं मिला रिजल्ट
तीसरा हादसा जरीडीह में
एक और हादसा जरीडीह प्रखंड के पाथुरिया गांव में हुआ है जहां पूनम देवी (24) घर के अंदर काम करते हुए वज्रपात की चपेट में आ गयी. उसे भी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इसे भी पढ़ें : WB : स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर हाइकोर्ट सख्त, सरकार से मांगा जवाब




