
New Delhi : उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से हुए जान-माल के व्यापक नुकसान पर दुःख व्यक्त करते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने शुक्रवार को सरकार से तत्काल आपदा पीड़ितों की माक़ूल मदद करने की अपील की है.
साथ ही मायावती ने अलीगढ़ में दो साल की मासूम बच्ची के साथ घृणित हिंसा की भी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सरकार से मांग की है.
इसे भी पढ़ें – डीजीपी की पत्नी ने ली जमीन तो खुल गया टीओपी और ट्रैफिक पोस्ट, हो रहा पुलिस के नाम व साइन बोर्ड का इस्तेमाल
19 लोगों की मौत, 48 घायल
मायावती ने ट्वीट कर कहा कि उप्र में कल रात तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण जान-माल की व्यापक हानि अति-दुःखद है. सरकार तुरंत ही पूरी संवेदनशीलता के साथ सक्रिय होकर सभी पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता एवं राहत आदि देने के लिए आगे आये.
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गुरुवार को आंधी-तूफान और बिजली गिरने से कम से कम 19 लोगों की मौत हो गयी तथा 48 अन्य घायल हो गये.
इस बीच मायावती ने अलीगढ़ की वारदात की निंदा करते हुये कहा कि अलीगढ़ में दो साल की मासूम बच्ची के साथ नृशंस व्यवहार एवं हत्या अति-शर्मनाक व दुःखद है. उप्र सरकार तुरन्त कानून का राज स्थापित करने के लिए सख्त कार्रवाई करके दोषियों को सलाखों के पीछे भेजे.
इसे भी पढ़ें – सीएनटी ही नहीं आर्मी की जमीन पर भी माफिया ने कर लिया कब्जा और देखता रहा प्रशासन-1
राहत व बचाव कार्य का जायजा लेने के लिए छह प्रभारी मंत्रियों को निर्देश
मैनपुरी में सबसे ज्यादा जानमाल का नुकसान हुआ है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत और बचाव कार्य का जायजा लेने के लिए छह प्रभारी मंत्रियों को निर्देश दिये हैं. मैनपुरी में सबसे अधिक छह मौतें हुई हैं.
एटा और कासगंज में तीन-तीन लोगों के मरने की खबर है. मुरादाबाद में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. बदायूं, पीलीभीत, मथुरा, कन्नौज, संभल और गाजियाबाद से भी एक-एक व्यक्ति की मौत की खबर है.




