Crime News

फायरिंग करने और फायरिंग की घटना को छुपाने के आरोप में दो थानेदार निलंबित

Lohardaga: फायरिंग करने और फायरिंग की घटना को छुपाने और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में लोहरदगा एसपी प्रियदर्शी आलोक ने दो थानेदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. निलंबित थानेदारों में किस्को थाना प्रभारी जगन्नाथ उरांव एवं सेन्हा थाना प्रभारी जगलाल मुंडा शामिल हैं. इन दोनों थानेदरों को एसपी ने निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया है. इन दोनों की जगह पर दोनों इलाके के सर्किल इंस्पेक्टरों को थाना का प्रभार दिया गया है. इनमें किस्को अंचल के इंस्पेक्टर शारदा रंजन को किस्को थाना प्रभारी का प्रभार और सदर अंचल के इंस्पेक्टर केशव साहू को सेन्हा थाना का प्रभार दिया गया है.

कंडरा बालू घाट पर फायरिंग करने को लेकर निलंबित हुए किस्को थाना प्रभारी

मिली जानकारी के अनुसार किस्को थाना प्रभारी जगन्नाथ उरांव ने पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी को बिना जानकारी दिये किस्को थाना क्षेत्र से बाहर जाकर सेन्हा थाना क्षेत्र के कोयल नदी स्थित कंडरा बालू घाट पर जहां पर पहले से बालू उठाव को लेकर विवाद चल रहा है, वहां पर अपने अन्य सहयोगियों के साथ पांच मई की रात करीब 10 बजे अपने एयर गन से फायरिंग की थी. संदिग्ध आचरण, अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही के आरोप में एसपी ने किस्को थानेदार को निलंबित कर दिया.

इसे भी पढ़ें – गिरिडीहः 10 करोड़ 33 लाख में हुई 10 शराब दुकानों की नीलामी, लोकल सिंडिकेट के कारोबारी नहीं हुए शामिल  

गलत जानकारी देने के आरोप में निलंबित हुए सेन्हा थाना प्रभारी

मिली जानकारी के अनुसार सेन्हा थाना प्रभारी जगलाल मुंडा पर आरोप है कि कंडरा बालू घाट पर पांच मई की रात करीब 10 बजे फायरिंग की घटना हुई, लेकिन जगलाल मुंडा ने बताया कि उस स्थान पर शादी-विवाह में पटाखा फोड़ा गया है. इस तरह सेन्हा थाना प्रभारी जगलाल मुंडा द्वारा पुलिस विभाग को गलत जानकारी दी गयी. जिस वजह से सेन्हा थाना प्रभारी जगलाल मुंडा को भी निलंबित कर दिया गया.

इसे भी पढ़ें – आरएमएसडब्ल्यू को हटाने का निगम का एक और प्रयास,  टर्मिनेट करने का सरकार को भेजा प्रस्ताव

Related Articles

Back to top button