
Ranchi : राजधानी के एक बड़े इलाके में रविवार सुबह में लोगों को बिजली और पानी से महरूम होना पड़ा. हिनू, एयरपोर्ट, एजी कालोनी हिनू, एयरपोर्ट कालोनी, सचिवालय कालोनी, मनीटोला, डोरंडा और बिरसा चौक के आसपास के इलाके में हटिया डैम से पीने के पानी की आपूर्ति बाधित रही.
इन इलाकों में रविवार सुबह से बिजली का हाल भी बेहाल है. हरेक एक-एक घंटे पर बगैर किसी सूचना के एयरपोर्ट फीडर से बिजली की कटौती की जा रही है. गर्मी के मौसम में जहां दोपहर का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जा रहा है. आज भी कमोबेश यही स्थिति रही. सुबह से ही राजधानी का तापमान उमस भरा था.
इसे भी पढ़ें- झारखंड : सुबह नौ बजे तक 15.36 प्रतिशत मतदान
पानी के लिए परेशान रहे लोग
सुबह 10 बजे तक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा. ऐसे में उपरोक्त सभी इलाकों में कमरे में पसीने से भीग रहे लोगों को राहत तक नहीं मिली. वैसे भी बगैर बिजली के लोग अपनी बोरिंग का पानी भी टंकियों तक चढ़ाने में असमर्थ रहे.
जिन इलाकों में पीने के पानी के लिए लोग टैप वाटर पर निर्भर रहते हैं, वहां पर पानी भरने के लिए लंबी कतारें देखी गयीं. लोग सुबह से ही आसपास के चापाकल और नगर निगम के बोरवेल से पानी भरते देखे गये.
इन इलाकों में रहनेवाले एक से डेढ़ लाख की आबादी को आज पीने का पानी मयस्सर नहीं हुआ. शाम को कितने बजे तक पानी आयेगा. इसका भी लोगों को कोई अंदेशा नहीं है.
इसे भी पढ़ें- लातेहार : मनरेगा का अर्धनिर्मित कुआं धंसा, तीन की मौत
रमजान माह में पानी की दिक्कत से परेशानी
रमजान माह में सुबह पानी नहीं मिलने से मुसलिम मुहल्लों के लोगों को आज काफी परेशानी हुई. हिनू के मनीटोला, पत्थर रोड, पीएचइडी कालोनी, गौस नगर, नीम चौक और आसपास के इलाकों में सुबह छह बजे ही जलापूर्ति होती थी. आज इन इलाकों में जलापूर्ति नहीं होने से महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
इसे भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019 : झारखंड में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी, 67 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा…
क्यों नहीं हुई आपूर्ति
पेयजल और स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता रियाज आलम ने बताया कि हटिया डैम से जुड़े लटमा हिल जलागार से हिनू पाइपलाइन के फट जाने से जलापूर्ति बाधित हुई है. 18 इंच व्यासवाले पाइप लाईन को बदलने के लिए विभाग की टीम सुबह आठ बजे से ही लटमा हिल परिसर में लगी हुई थी.
समाचार लिखे जाने तक सुबह 11.15 बजे तक टूटे पाइप लाईन को बदला नहीं जा सका था. श्री आलम ने बताया कि शाम तक पाइप लाईन ठीक हो सकेगा और जलापूर्ति बहाल की जा सकेगी.




