
Ranchi : राजधानी रांची में हत्या और गोलीबारी की घटना रुकने का नाम नहीं ले रही है. हर दूसरे दिन किसी विवाद को लेकर लोग एक दूसरे की हत्या कर दे रहे हैं. कुछ इसी तरह का मामला सामने आया है. जहां आपसी विवाद को लेकर युवक की हत्या कर दी गयी.
जबकि युवक विवाद में शामिल भी नहीं था. वह तो विवाद में बीच-बचाव के लिए गया था. उसे क्या पता था कि विवाद में बीच-बचाव करना उसके लिए मौत की सजा बन जाएगी. मृतक का नाम मोहम्मद अहबाब है.
वहीं हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने हरमू रोड कार्तिक उरांव चौक को जाम कर दिया है. आगजनी कर आवागमन को प्रभावित किया गया. सभी लोग आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले को शांत कराने की कोशिश में लगी है. साथ ही आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की बात भी कही है.
इसे भी पढ़ेंःआपसी विवाद में बीच-बचाव करने गए युवक को मारी गोली, मौत
क्या है मामला
बुधवार देर रात 8 से 10 युवक अरगोड़ा क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह चौक के पास नशे का सेवन कर रहे थे. उसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. बात इतनी बढ़ गयी कि सभी आपस में मारपीट करने लगे.
मारपीट देख अहबाब मामले को शांत कराने की कोशिश करने लगा. इसी बीच धर्मेंद्र नाम का युवक अपने घर गया और पिस्टल लेकर वापस आया. आते ही उसने अहबाब को गोली मार दी. गोली अहबाब के पेट और सीने में लगी.
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और आनन-फानन में अहबाब को रिम्स में भर्ती कराया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. अहबाब सरला बिरला स्कूल में बस कंडक्टर का काम करता था. वहीं घटना के बात परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इसे भी पढ़ेंःमुख्य सचिव ने दिया निर्देश, स्कूलों के पुनर्गठन के बाद खाली पड़े भवनों का उपयोग सुनिश्चित करें
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस
इधर घटना के तुरंत बाद धर्मेंद्र मौके से फरार हो गया. पुलिस ने भी मामले की जांच करते हुए विवाद में शामिल मनीष नाम के लड़के को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है.
पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी धर्मेंद्र व विवाद में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी.




