
Ranchi : सोशल मीडिया आज कल लोगों तक अपनी बात पहुंचाने का एक आसान जरिया बन गया है. लेकिन कुछ लोग इसका इस्तेमाल गलत तरिके से भी करते हैं. इन सोशल मीडिया में व्हाट्सएप बहुत प्रचलित है. जिसमें लोग ग्रुप बनाकर खबरों को शेयर करते हैं. लेकिन बहुत बार ग्रुप में गलत खबर पोस्ट करने की बात सामने आती है. जिसकी वजह से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. बहुत बार लोग खबर की सत्यता जाने बिना ही खबर पोस्ट कर देते हैं और फिर मुश्किल में पड़ जाते हैं.
इसी तरह का मामला राजधानी में भी सामने आया है. जहां गलत खबर पोस्ट करने के कारण जैप 2 टाटीसिलवे रांची में तैनात जवान को निलंबित कर दिया गया. आरक्षी 688 सुनील कुमार पटेल को जैप के आईजी सुधीर कुमार झा ने निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया है. निलंबन की अवधि में इनका मुख्यालय जैप 2 टाटीसिलवे रांची होगा.
इसे भी पढ़ें- 29 को चौथे चरण की तीन सीटों पर सुबह सात बजे से चार बजे शाम तक होगा मतदान
क्या था पोस्ट
झारखंड सशस्त्र पुलिस 2 के नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप सक्रिय है. इस ग्रुप से आरक्षी सुनील कुमार पटेल भी जुड़े हुए हैं जो कि इस ग्रुप के एडमिन भी हैं. इनके द्वारा 27 अप्रैल 2019 को दोपहर के करीब 3:00 बजे के आसपास एक न्यूज चैनल का वीडियो क्लिप इस ग्रुप में पोस्ट किया गया.
जिसमें गढ़वा जिला अंतर्गत ब्रजगृह की सुरक्षा में लगे आईआरबी के जवान युक्ति नारायण सिंह द्वारा हवलदार अफरोज समद को सुबह 5:30 बजे गोली मारने एवं हथियार लेकर भाग जाने संबंधी न्यूज दिखाया जा रहा था.
जब इस मैसेज के सत्यापन के लिए जैप नियंत्रण कक्ष द्वारा गढ़वा जिला मुख्यालय से संपर्क किया गया तो पता चला कि यह न्यूज काफी पुराना है. यह घटना 21 अप्रैल 2018 को गढ़वा नगर निकाय चुनाव के समय की थी. वर्तमान में इस प्रकार की कोई घटना घटित नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें- 2014 में चायवाले का बेटा बन कर पीएम बने थे मोदी…23 मई को झोला लेकर हिमालय जायेंगे : भूपेश बघेल
आरक्षी निलंबित
वर्तमान में लोकसभा आम चुनाव 2019 को देखते हुए भारी संख्या में बलों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है. उक्त आरक्षी के द्वारा इस प्रकार के गलत मैसेज डालने से भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी. इनके द्वारा उक्त व्हाट्सएप ग्रुप में और भी कई भ्रामक और अमर्यादित पोस्ट किए गए हैं.
जवान के द्वारा इस तरह का काम उनके अनुशासनहीनता को परिलक्षित करता है. इस पर जैप के आईजी सुधीर कुमार झा ने कार्रवाई करते हुए आरक्षी सुनील कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से साधारण जीवन यापन भत्ता पर निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया है.




