
Ranchi : राज्य की तीन संसदीय सीटों के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जायेंगे. राज्य निर्वाचन पदाधिकारी एल ख्यांग्ते ने बताया है कि पलामू, चतरा और लोहरदगा सीट के लिए सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान की अवधि सुनिश्चित की गयी है. उन्होंने बताया कि शाम चार बजे तक कतार में लगनेवाले सभी व्यक्तियों को मतदान करने की अनुमति दी जायेगी.
इन तीनों संसदीय सीट के लिए 6072 बूथों पर वोट डाले जायेंगे. इनमें से 307 शहरी बूथ हैं, जबकि 5765 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाकों में हैं. उन्होंने कहा है कि मतदान शुरू होने से एक घंटा पहले यानी सुबह छह बजे तक मतदान कर्मियों और मतदान अभिकर्ता बूथों पर उपस्थित होंगे. इसके बाद मॉक पोल होगा. मॉक पोल के बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी, जो शाम चार बजे तक चलेगी. सभी केंद्रों पर पीठासीन पदाधिकारी अपने हस्ताक्षर के साथ वोटरों को पर्ची प्रदान करेंगे. पीठासीन पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई अतिरिक्त व्यक्ति मतदान के लिए निर्धारित अवधि के उपरांत कतार में खड़ा नहीं हो.
इसे भी पढ़ेंः वोटों का बंटवारा रोकने के लिए आम आदमी पार्टी नहीं लड़ रही चुनाव, वामदलों को समर्थन: जयशंकर
पलामू में सबसे अधिक मतदान केंद्र
तीनों संसदीय सीटों में से पलामू में सबसे अधिक 2426 मतदान केंद्र हैं. इसके अलावा लोहरदगा में 1747 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. चतरा लोकसभा सीट के लिए 1899 केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. भयमुक्त और पारदर्शी तौर पर मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित जिलों के जिला निर्वाची पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दे दिये गये हैं. संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के भी आदेश जिला प्रशासन को दिये गये हैं.
इसे भी पढ़ें: पिठोरियाः चुनाव में सुरक्षा के नाम पर छात्र, वकील, शिक्षक और बुद्धिजीवियों को अपराधियों की सूची में डाल रही है पुलिस




