NEWS

15 लाख क्या चवन्नी भी नहीं पहुंची जनता तक: सुबोधकांत सहाय

Ranchi:  रांची से संजय सेठ को भाजपा उम्मीदवार बनाये जाने के ऐलान के बाद कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने जा रहे सुबोधकांत सहाय ने जनसंपर्क अभियान को तेज कर दिया है. भाजपा की  नीतियों पर लगातार हमला करते हुए कांग्रेसी नेता ने रविवार को राजधानी के हरमू इलाके में पदयात्रा की.

उनकी यह यात्रा आनंदपुरी चौक से शुरू होकर करम चौक पर समाप्त हुई. भाजपा को जुमलेबाजी वाली पार्टी बताते हुए कहा कि सबका साथ सबका विकास का वादा कर सत्ता में आयी भाजपा ने जनता को धोखा दिया है. सबको 15 लाख देने का वादा तो पीएम मोदी ने किया, लेकिन पांच साल बीतने के बाद भी किसी के खाते में चवन्नी नहीं पहुंच पायी है.

इसी तरह से नौकरियां देने का वादा को भी मोदी सरकार ने पूरा नहीं किया. जो लोग नौकरी कर रहे थे, नोटबंदी का कठोर कदम उठाकर उनका सुखचैन छीन लिया. पदयात्रा के साथ उनकी पत्नी रेखा सहाय ने भी ललगुटवा के उत्तरी और दक्षिणी टुंडुल में महिला कांग्रेस की छह पंचायत कमिटियों के साथ बैठक की.

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की न्याय योजना को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर बताया.

इसे भी पढ़ेंः पाकिस्तान खौफ में, विदेश मंत्री कुरैशी को आशंका, 16 से 20 अप्रैल के बीच हमला करेगा भारत

गलत नीतियों वाले रघुवर सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं

लोगों से मिलते हुए सुबोधकांत ने कहा कि सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार ने जो नीतियां बनायीं, उससे पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छूने लगे. राज्य के रघुवर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जबसे रघुवर दास के नेतृत्व में सरकार बनी है, झारखंड चौपट हो गयी है.

हाल यह है कि कर्ज में डूबे होने के कारण 19 किसानों ने आत्महत्या कर ली. एक लाख युवाओं को नौकरी देने का ढकोसला करनेवाली सरकार के पास यह आंकड़ा तक नहीं हैं कि कितने युवा वास्तव में नियोजित हुए.

राज्य का खजाना खाली है. सरकारी कर्मियों को वेतन तक देने के लिए लाले पड़ रहे हैं. ऐसी सरकार और इसके नेताओं को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है.

इसे भी पढ़ेंः एएसपी और एसडीएम के नेतृत्व में तेनुघाट जेल में छापेमारी, आपत्तिजनक सामग्री बरामद

Related Articles

Back to top button