
New Delhi: न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी के लिए क़ानून बनाने और स्वामीनाथन आयोग की सभी सिफ़ारिशों को लागू करने की मांग को लेकर किसानों के आंदोलन का आज तीसरा दिन है. बीते दो दिनों से आंदोलनकारी किसान हरियाणा पंजाब के बीच शंभू बॉर्डर पर जमे हुए हैं. केंद्र सरकार ने एक बार फिर से वार्ता का प्रस्ताव भेजा है, जिसे लेकर आज वार्ता होगी हालांकि किसान नेताओं को बिना किसी ठोस पहल के वार्ता के नतीजे नहीं निकलने का अनुमान है.
इसे भी पढ़ें: BCCI सचिव जय शाह ने कहा- टी 20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत गाड़ेगा झंडे
आंदोलन के दूसरे दिन पहले दिन की तरह सुरक्षा बलों के साथ किसानों के टकराव जैसी स्थिति नहीं नजर आई हालांकि दूसरे दिन भी शंभू बॉर्डर की बैरिकेडिंग तोड़ने की किसानों की तरफ़ से कोशिश हुई लेकिन वे कामयाब नहीं हुए. इस बीच हरियाणा की ओर तैनात सुरक्षा बलों की ओर से किसानों के ऊपर रुक रुक कर आँसू गैस के गोले दागे जाते रहे.

इस बीच किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि बुधवार को केंद्र के किसी मंत्री के साथ बैठक नहीं हुई है, केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक गुरुवार को होनी है. किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि अब गुरुवार शाम को केंद्र सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ अगली वार्ता होगी. उन्होंने कहा, “हम सभी युवाओं और किसान नेताओं से आह्वान करते हैं कि गुरुवार की बैठक होने तक सहयोग किया जाए और माहौल को ख़राब नहीं होने दिया जाए.”
प्रेस वार्ता में किसान नेताओं ने कहा, “कल रात हमें वार्ता का संदेश मिला था. हमने तय किया था कि आज (बुधवार) हम शांत रहेंगे और आगे नहीं बढ़ेंगे. सभी यूनियन ने तय किया था कि अगर सरकार वार्ता करना चाहती है तो हम वार्ता करेंगे, आगे नहीं बढ़ेंगे. हमारे ऊपर ड्रोन ने आज भी शेलिंग की, उसका मतलब था कि केंद्र सरकार नहीं चाहती कि हम वार्ता करें.”
दूसरे दिन पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के साथ पहले दिन जैसा बड़ा टकराव नहीं दिखा. रात आठ बजे 50-60 किसान बॉर्डर के दायरे में थे जबकि बाकी किसान पीछे कई किलोमीटर लंबे रेला में खड़े ट्रैक्टर ट्रॉलियों में आराम कर रहे थे. पहले की तरह किसान अपने साथ राशन लेकर पहुंचे हैं और जगह-जगह पर लंगर चल रहा है. बता दें कि 13 फ़रवरी को पुलिस और किसानों के बीच तीखी झड़प हुई थी. किसान शंभू बॉर्डर के नाके पर दिन में क़रीब दो बजे पहुंचे थे और हरियाणा की तरफ़ पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों से उनका टकराव चला क्योंकि सीमा सील है. इस दौरान सुरक्षा बलों की ओर से आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां दागी गईं. झड़प में कई किसान और सुरक्षा कर्मी घायल हो गए थे. हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने कहा है कि मंगलवार को हुई झड़पों में पुलिस के 24 जवान घायल हुए हैं.




