
Lohardaga: जिले में तीन वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है. यह घटना सेन्हा थाना क्षेत्र स्थित बूटी पंचायत में घटी है. हालांकि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जाता है कि आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने उसे अपने घर पर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. काफी देर तक जब बच्ची अपने घर नहीं गई तो परिजनों ने खोजबीन की तो बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दी. यह आवाज आरोपी सुमेश्वर मांझी के घर से आ रही थी. तब परिजन आरोपी के घर पहुंच गए. आरोपी ने किसी के आने की आहट सुनकर भागना चाहा. लेकिन उसे दबोच लिया गया और पुलिस को सूचना दी गई. वारदात की सूचना पाकर सेन्हा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
सेन्हा थाना प्रभारी के निर्देश पर नामजद अभियुक्त सुमेश्वर मांझी (37) को बूटी पंचायत क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. थाना प्रभारी सूरज प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की मां के आरोप पर पॉक्सो एक्ट के तहत अभियुक्त सुमेश्वर मांझी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है.




