JharkhandLead NewsRanchi

झारखंड विधानसभा के 25 साल: राज्यपाल बोले- जनसेवा, पारदर्शिता और स्वस्थ संवाद से ही मजबूत होगा राज्य

Ranchi: झारखंड विधानसभा के रजत जयंती समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य गठन में पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की ऐतिहासिक भूमिका का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 2000 के तहत झारखंड का गठन हुआ और उस समय वे केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में इस निर्णय के पक्ष में थे।

राज्यपाल ने कहा कि भारत का लोकतंत्र विश्व के लिए उदाहरण है और विधायक जनता एवं सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु हैं। विधानसभा केवल बहस का मंच नहीं, बल्कि नीति निर्धारण का केंद्र है जहाँ जनता की आकांक्षाओं को दिशा मिलती है।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि जनता का विश्वास सबसे बड़ा दायित्व है और जनसेवा ही उनका मूल लक्ष्य होना चाहिए। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे आठ बार लोकसभा सदस्य रहे और हमेशा क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी।

राज्यपाल ने विधायकों से विशेष रूप से आग्रह किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। साथ ही, विधानसभा की गरिमा बनाए रखते हुए शालीन, तथ्यपूर्ण और रचनात्मक बहस की संस्कृति को बढ़ावा देने पर बल दिया।

उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और आधारभूत संरचना में प्रभावी पहल की आवश्यकता पर जोर देते हुए आशा व्यक्त की कि झारखंड विधानसभा आने वाले वर्षों में और अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और जनोन्मुख बनेगी।

Related Articles

Back to top button