Jamshedpur

जमशेदपुर : कोर्ट हाजत का वेंटिलेटर काटकर दो कैदी भागे, जांच में पहुंचे एसएसपी

छिनतई के मामले में आरोपी हैं दोनों फरार कैदी, पेशी के बाद रखा गया था हाजत में

Jamshedpur : जमशेदपुर कोर्ट हाजत का वेंटिलेटर लोहे के औजार से काटकर दो कैदी शुक्रवार को फरार हो गये. दोनों कदमा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. उन दोनों कैदियों को घाघीडीह जेल से पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था. कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें वापस हाजत में रखा गया था. उसी दौरान हाजत में मौजूद दो अन्य बंदियों की मदद से उनके भाग निकले. बताया जाता है कि हाजत में मौजूद दो बंदियों ने भागने वाले दोनों को कंधे पर उठाकर वेंटिलेटर तक पहुंचाने में मदद की. उसके बाद दोनों ने वेंटिलेटर को लोहे के औजार से काट दिया और हाजत के पास सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए. फरार होनेवाले दोनों कैदियों के नाम  अमन लाल और सोनू यादव हैं. दोनों छिनतई के मामले में आरोपी हैं.

इस मामले के सामने आते ही पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है. मामले की जानकारी मिलने पर वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. फिलहाल मामले की जांच के साथ फरार कैदियों की जोर-शोर से तलाश शुरू कर दी गयी है. इस बीच कोर्ट हाजत की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. आखिर कैदियों ने लोहे के औजार कहां से लाये.

जांच में पहुंचे एसएसपी

इस बीच सूचना मिलने पर एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन भी कोर्ट हाजत के पास पहुंचे. उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से पूरे मामले की जानकारी ली. घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है. हर आने-जाने वालों की तलाशी ली जा रही है. पुलिस फरार कैदियों को पकड़ने के लिए हर तरह की कोशिश कर रही है.

इसे भी पढ़ें- चांडिल रेलवे क्रॉसिंग के पास निर्माणाधीन ब्रिज से गिरा मजदूर, मौत

Related Articles

Back to top button