
Patamda : डिमना लेक के पास सालदोहा में जिस लेधरा टुडू की सिर कटी लाश विगत 27 मार्च को बोड़ाम पुलिस ने बरामद की थी, उसकी हत्या उसके चचेरे भाई ने ही की थी. पुलिस ने मंगलवार को बोंटा निवासी लेधरा टुडू की हत्या के मामले में नामजद आरोपी उसके चचेरे भाई जीतू टुडू को गिरफ्तार कर लिया है. पिछले 27 मार्च को बोड़ाम पुलिस ने सालदोहा के समीप बोंटा (जीराडुंगरी ) निवासी 38 वर्षीय लेधरा टुडू की सिरकटी लाश बरामद की थी. लेधरा की पत्नी सुमारी टुडू ने संदेह के आधार पर गांव के ही जीतू टुडू के खिलाफ बोड़ाम थाना में हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था. मामला दर्ज होने के बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही थी. गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार की शाम बोड़ाम थाना क्षेत्र के गागीबुरु गांव से आरोपी जीतू टुडू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के समक्ष जीतू टुडू ने हत्या करने की बात स्वीकार की है.
आरोपी ने पूछताछ के क्रम में पुलिस को बताया कि वह लेधरा टुडू की जमीन में घर बनाकर रहता था. कुछ समय पहले लेधरा ने उसे घर से बेदखल कर भगा दिया था, जिससे वह नाराज था. वह पिछले कई दिनों से उसकी हत्या करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौका नहीं मिल रहा था. घटना के दिन जीतू ने लेधरा को शराब पीने के लिए बुलाया. उसने खुद शराब कम पी और लेधरा को ज्यादा शराब पिलायी. उसके बाद वह उसे मोटरसाइकिल पर इधर-उधर घुमाता रहा. देर रात वह लेधरा को सालदोहा मैदान तरफ ले गया और पेशाब के बहाने मोटरसाइकिल से उस जगह उतरा, जहां उसने पहले से झाड़ी में चापड़ छुपा रखा था. उसने चापड़ निकाला, फिर लेधरा को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और ताबड़तोड़ वार करते हुए सिर और धड़ अलग कर दिया. हत्या करने के बाद रात को ही वह गागीबुरु स्थित अपनी ससुराल गया एवं वहां रह रहे अपने बच्चों से मिला. उसके बाद से गिरफ्तारी के भय से वह इधर-उधर छिपता फिर रहा था. पुलिस को सूचना मिलते ही वह दबोच लिया गया. थाना प्रभारी शंकर लकड़ा ने बताया कि आरोपी की पत्नी की मृत्यु तीन साल पहले हो चुकी है. उसके दो बच्चे हैं, जो मामा के घर रहते हैं. वह कभी जमशेदपुर तो कभी बोंटा में रात गुजारता था.
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur : सरकारी विभागों पर बाकी है करोड़ों का बिजली बिल, केवल पीएचईडी पर ही है सात करोड़ 68 लाख, भुगत रहे सामान्य उपभोक्ता




