ChaibasaJharkhandNEWS

चाईबासा : ठेकेदार से लेवी मांगने वाले पीएलएफआई के छह सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, हथियार और नक्सली वर्दी बरामद

Chaibasa :  पुलिस ने पंड्राशाली निवासी ठेकेदार विपिन कुमार महाकुड़ का अपहरण कर पिटाई करने और लेवी मांगने के मामले में पीएलएफआई के छह सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. इनकी गिरफ्तारी ने चाईबासा के वनदेवी मंदिर के पीछे से गुप्त सूचना के आधार पर की गयी. एसपी अजय लिंडा और किरीबुरु के एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर शुक्रवार को चाईबासा में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी दी. गिरफ्तार युवकों के पास से तीन कट्टा, एक नक्सली वर्दी, पीएलएफआई द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला लेटर पैड आदि जब्त किया गया है. गौरतलब है कि पिछले दिनों नक्सली संगठन पीएलएफआई के नाम पर कुछ बदमाशों ने रात में हथियार के बल पर ठेकेदार का उनके घर से अपहरण कर लिया था और दो किलोमीटर दूर जंगल में ले जाकर 30 लाख रुपये लेवी मांगी थी. पैसा नहीं होने की बात कहने पर ठेकेदार को मारपीट कर घायल कर दिया था. इसकी शिकायत मिलने के बाद एसपी अजय लिंडा के निर्देश पर एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर के नेतृत्व में गठित टीम ने चाईबासा के वनदेवी मंदिर के पीछे छापेमारी करके पीएलएफआई के छह सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया.

ये हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार पीएलएफआई सदस्यों में रामनगर का रहने वाला दीपक गोस्वामी, डीवीसी का रहने वाला चुन्नु दास, गुवा निवासी तापस दास,  नागाडीह का सोनू महापात्र, गुवा कल्याणनगर का विनय कुमार दास और गुवा नानक नगर का रहने वाला विकास कुमार सिंह को शामिल हैं.

यह सामान हुआ बरामद

दो देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, 4 जिंदा गोली 8 एमएम की, 4 जिंदा गोली 7.65 एमएम की, पिस्टल की एक मैगजीन, एक यामाहा स्कूटी, हीरो होंडा कंपनी की एक बाइक, नक्सली वर्दी, लेटर पैड आदि.

30 लाख नहीं देने पर किया था अपहरण

पुलिस का कहना है कि पंड्राशाली के रहने वाले विपिन चंद्र महाकुड़ से 30 लाख रुपये की लेवी मांगी गई थी. नहीं देने पर रात को अपहरण करके स्कूल के पास लेकर मारपीट की गई थी. इस दौरान विपिन का हाथ भी तोड़ दिया गया था. इस संबंध में गुवा थाने में एक मामला भी दर्ज है. इसी तरह से बड़ा जामदा  स्पंज प्लांट में हथियार का भय दिखाकर सुरक्षा गार्ड से साथ मारपीट की गयी थी. इस संबंध में भी गुवा थाने में मामला दर्ज है.

इसे भी पढ़ें – प्रशांत बोस और शीला की गिरफ्तारी के खिलाफ आज आधी रात से शुरू होगा माओवादियों का भारत बंद, हाईअलर्ट जारी

Related Articles

Back to top button