
Ranchi: 23 सितंबर से 08 अक्टूबर तक होंगझू (चीन) में आयोजित होने वाले 19वीं एशियन गेम्स के लिए 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा हो गयी है. टीम में झारखंड के भी तीन खिलाड़ी निक्की प्रधान, सलीमा टेटे और संगीता कुमारी भी चयनित किए गए. तीनों ही खिलाड़ी भारतीय टीम के नियमित सदस्य हैं. 31 अगस्त को बेंगलुरु में हॉकी इंडिया के समस्त पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के परिजनों की उपस्थिति में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर टीम की घोषणा की गई.
इसे भी पढ़ें: CM हेमंत सोरेन को ED ने तीसरी बार भेजा समन, 9 सितंबर को होगी पूछताछ

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने झारखंड के सभी खिलाड़ियों का बेंगलुरु में स्वागत किया. कहा कि किसी भी खिलाड़ी को बनाने में सबसे बड़ा योगदान, समर्पण और त्याग उनके अभिभावकों का होता है,परंतु उनका सम्मान अपवाद स्वरूप ही होता है. इसलिए हॉकी इंडिया ने शुरुआत की है कि खिलाड़ियों के अभिभावकों को भी सम्मान मिले. इसलिए हमलोगों ने इस बड़े अवसर में सभी खिलाड़ियों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया. संभवतः यह विश्व के खेल इतिहास में पहला अवसर है जब टीम की घोषणा के समय उनके अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है.

18 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल निक्की प्रधान खूंटी जिला के हेसल की रहने वाली हैं. सलीमा टेटे और संगीता कुमारी सिमडेगा जिला से हैं. सलीमा सदर प्रखंड के बरकिछापर की रहने वाली है जबकि संगीता केरसई प्रखंड के करंगागुडी की है.





