Khunti

खूंटी: धान अधिप्राप्ति के लिए 15 से लैम्पस पैक्स को सक्रिय रहने का निर्देश

Khunti: खूंटी जिला प्रशासन के मुखिया उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने खरीफ विपणन मौसम 2024-25 में धान अधिप्राप्ति के लिए जिले के सभी 15 लैम्पस पैक्स को सक्रिय हो जाने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने योजना के तहत आवश्यक तैयारी हेतु समाहरणालय सभागार में 12 दिसंबर को एक बैठक की. बैठक में मुख्य रूप से धान अधिप्राप्ति को लेकर लैम्प्स केंद्र एवं पैक्स केंद्र को 15 दिसंबर से सक्रिय कर किसानों से धान अधिप्राप्ति करने को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया. राज्य स्तर से धान अधिप्राप्ति हेतु खूंटी जिला को प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत किसानों से धान अधिप्राप्ति का निर्देश दिया गया.

बिचौलियों से रहें सावधान: जिला प्रशासन

कृषकों से धान अधिप्राप्ति को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी को आपस में समन्वय स्थापित पर पंचायत स्तर पर कृषकों को धान अधिप्राप्ति हेतु पंजीकृत करने का निर्देश दिया गया. कृषकों को बिचौलियों से सावधान रहने को लेकर उन्हें जागरूक करने को कहा गया. वहीं बैठक में उपस्थित राइस मिल को लैम्प केंद्र एवं पैक्स केंद्र से धान का ससमय उठाव को लेकर निर्देशित किया गया.

100 रुपए बोनस समेत कुल 2400 रुपए प्रति क्विंटल की जाएगी धान का अधिप्राप्ति

किसानों से प्रति क्विंटल 2400 रुपए के भाव से धान की अधिप्राप्ति की जाएगी, जिसमें 100 रुपए बोनस भी शामिल है. जिले में डेढ़ लाख क्वींटल धान अधिप्राप्ति का अनुमानित लक्ष्य है. धान की अधिप्राप्ति कुल पंद्रह लैम्पस-पैक्स में किए जाएंगे, जिसमें सोदे, रनिया, खूंटी, तारोसिलादोन, मुरहू, गानालोया, कर्रा, गोविंदपुर, अड़की, सोसोकुटी, तोरपा, अम्मा, सुंदारी, तपकरा समेत किसान उत्पादक समुह, तोरपा शामिल हैं.

Related Articles

Back to top button