
Ranchi: राज्य के विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की कमी जिस तेजी हो रही है, वैसे में शिक्षकों पर विद्यार्थियों का बोझ बढ़नेवाला है. राज्य में पांच स्टेट यूनिवर्सिटी हैं, जहां से हर साल औसतन 30 शिक्षक रिटायर कर रहे हैं.
इस साल केवल रांची विवि से 60 शिक्षक रिटायर होनेवाले हैं. जबकि यहां 1.30 लाख विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं. स्थायी शिक्षकों के रिटायर होने के बाद पढ़ाने की जिम्मेदारी अनुबंध आधारित नियुक्त शिक्षकों के जिम्मे होगी.
इसे भी पढ़ें – #Nirbhaya के चारों गुनहगारों को 22 जनवरी को सुबह 7 बजे फांसी
बढ़ेगा शिक्षकों पर बोझ
रांची विवि में कार्यरत शिक्षकों की संख्या देखें तो फिलवक्त एक शिक्षक के ऊपर 135 विद्यार्थियों का बोझ है. वहीं 60 शिक्षकों के रिटायर हो जाने के बाद एक स्थायी शिक्षक पर 144 विद्यार्थियों का बोझ रहेगा. अभी रांची विवि के 22 विभाग और 14 अंगीभूत कॉलेजों में 967 स्थायी शिक्षक काम कर रहे हैं.
रांची विश्वविद्यालय में कुल छात्रों की संख्या की बात करें तो 14 अंगीभूत कॉलेजों में 75000 स्टूडेंट पढ़ाई कर रहे हैं. वहीं 22 पीजी डिपार्टमेंट में 30000 स्टूडेंट नामांकित हैं. इसके अलावा वोकेशनल स्टडी की बात करें तो 20000 स्टूडेंट हैं. एमफिल में 220 और पीएचडी में 200 स्टूडेंट पढ़ाई कर रहे हैं.
नियुक्ति की बात करें तो झारखंड में 11 साल पहले जेपीएससी के माध्यम से नियुक्ति हुई थी. उसके बाद 7 बार असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकाला गया. पर अब तक नियक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो पायी है. आलम यह है कि राज्य के विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के रेगुलर पदों से ज्यादा बैकलॉग पद खाली हैं. रेगुलर नियुक्ति के तहत 549 असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति होनी है, जबकि 566 पद बैकलॉग के खाली हैं.
इसे भी पढ़ें – #Chaibasa:75 हजार वेतन पानेवाला दारोगा 10 हजार रुपये घूस लेते पकड़ाया, केस कमजोर करने के लिए मांगी थी घूस
कहां कितने पद खाली
राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त पदों की बात करें तो रांची विवि में रेगुलर 120 और बैकलॉग के 148 पद खाली हैं. इस तरह यहां 268 पद खाली हैं. विनोबा भावे विवि में रेगुलर 10 और बैकलॉग के 145 पद के साथ 155 पद खाली हैं. सिद्धो कान्हू विवि में रेगुलर के 72 और बैकलॉग के 116 पद सहित 188 पद खाली हैं. निलांबर पितांबर यूनिवर्सिटी में रेगुलर के 111 और बैकलॉग के 50 सहित 161 पद खाली हैं. वहीं कोल्हान में रेगुलर 239 और बैकलॉग के 107 पद सहित 346 पद खाली हैं.
इसे भी पढ़ें – वित्त वर्ष 2019-20 में जीडीपी दर पांच प्रतिशत रहने का आकलन



