JharkhandPalamu

पलामू : बेतला घूमने आये रांची के टूरिस्ट सहित दो से 1.44 लाख की लूट

Palamu : पलामू प्रमंडल में शुक्रवार को हुई दो अलग-अलग वारदातों में अपराधियों ने रांची से बेतला घूमने आये एक टूरिस्ट समेत दो लोगों से करीब 1 लाख 44 हजार रुपये व कुछ सामान लूट लिये.

लूट की एक वारदात हैदरनगर में हुई जबकि दूसरी बरवाडीह में. दोनों घटनाओं को पिस्तौल की नोक पर अंजाम दिया गया.

हैदरनगर में हुई लूट की घटना में एक लाख 4 हजार रूपये, जबकि डालटनगंज-बरवाडीह मार्ग पर कुटमू मोड़ के समीप हुई दूसरी घटना में अपराधियों को 40 हजार नगद के अलावा कुछ सामान हाथ लगे हैं.

इसे भी पढ़ें : NEFT और RTGS लेन-देन पर अब कोई शुल्क नहीं लेगा SBI

फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 1.04 लाख की लूट 

पलामू : बेतला घूमने आये रांची के टूरिस्ट सहित दो से 1.44 लाख की लूट
घटना की जानकारी देते फाइनेंस कंपनी के कर्मी.

हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य मार्ग से सटे जीन ताड़-रमजीता रोड पर दोपहर करीब 12.20 बजे माइक्रो फाइनेंस कंपनी के फील्ड कर्मचारी से 1 लाख 4 हजार रूपये लूट लिये गये.

भुक्तभोगी कर्मचारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि वह विभिन्न गांवों में कार्यरत स्वयं सहायता समूहों से राशि का संग्रह कर हुसैनाबाद स्थित कंपनी के कार्यालय बाइक से जा रहे थे.

जिनताड़-रमजीता रोड में विपरीत दिशा से दो बाइक पर चार नकाबपोश युवकों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गये. तब एक युवक ने पिस्तौल दिखाकर उनसे पैसे की मांग की. डिक्की में रखे 1 लाख 4 हजार रुपये से भरा बैग लेकर वे जंगल की ओर भाग गये.

सुनील ने घटना की सूचना मोहम्मदगंज थाना व अपने हुसैनाबाद स्थित शाखा कार्यालय को दे दी है. घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजदेव प्रसाद व हैदरनगर थाना प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद सदल बल घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने छानबीन शुरू कर दी है.

बेतला घूमने आये सैलानियों से हुई लूट

बेतला नेशनल पार्क घूमने आये सैलानियों से दोपहर करीब ढाई बजे कुटमू मोड़ के समीप लूटपाट की गयी. टाटा सूमो सवार छह से सात अपराधियों ने कुटमू मोड़ से पहले सड़क किनारे वाहन लगाकर खड़े टूरिस्टों को पिस्तौल का भय दिखाकर अपना शिकार बनाया. नगद 40 हजार और तीन बैग में भरे सामान लूटकर अपराधी फरार हो गये.

इसे भी पढ़ें : सुब्रमण्यम स्वामी ने अपने ट्वीट से चौंकाया, लिखा, भाजपा का बढ़ता जनाधार लोकतंत्र के लिए खतरा   

रांची से आये थे सारे सैलानी 

रांची से आए टूरिस्ट मिथू जायसवाल ने बताया कि उनके अलावा पांच लोग कार (संख्या जेएच 01 सीडी 0878) से बेतला घूमने आये थे. कुटमू से पहले कार रोकर सड़क किनारे खड़े थे.

इसी बीच सूमो में सवार कुछ युवकों ने वाहन आगे-पीछे घुमाकर रेकी की और बाद में पिस्तौल सटाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. जाते समय वाहन की चाभी भी लेते चले गये.

पिस्तौल दिखाने वाला युवक नकाबपोश था. उसके साथ बैठे अन्य युवकों के चेहरे खुले थे. उन्होंने कहा कि घटना की सूचना कुटमू मोड़ पर चेकिंग अभियान चला रहे पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को दी गयी है.

घटनास्थल से कुछ दूरी पर हो रही पुलिस चेकिंग

विदित हो कि इस घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर बरवाडीह पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी. बावजूद इस तरह की घटना को अंजाम देना, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा करता है.

इसे भी पढ़ें : धनबादः जेवीएम नेता के घर डकैती, 13 साल की बच्ची को कब्जे में लेकर लूटपाट

Related Articles

Back to top button