
Ranchi : साहेबगंज टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में सिद्धू कान्हू इंडोर स्टेडियम, साहेबगंज में आयोजित पहले झारखंड स्टेट रैंकिंग टेबल चैंपियनशिप के दूसरे दिन रांची और गढ़वा के लड़कों ने शानदार खेल दिखाया. इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम की लड़कियों ने अपने खेल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालक वर्ग में अंडर-11, 13, 15, 17 तथा अंडर-19 तथा पुरुष वर्ग के सिंगल मुकाबले आय़ोजित किये गये. अंडर-11 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में रांची के अर्थ घोष ने पूर्वी सिंहभूम के कृष्ण कुमार को 3-0 से हराया. दूसरे मैच में रांची के ही अरित्रो डे ने रांची के फैजल खान को 3-0 से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया. अंडर-13 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में गढ़वा के हर्षित पांडेय ने रांची के अली शाद खान को 3-0 से तथा दूसरे में रांची के अर्थ घोष ने गढ़वा के सचिन को 3-1 से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया. मौके पर झारखंड टीटी संघ के मुख्य संरक्षक जय कुमार सिन्हा, संयुक्त सचिव राकेश कुमार मिश्रा ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें – झारखंड आदिवासी महोत्सव 2023 में पारंपरिक आदिवासी आभूषणों की लगाई जाएगी प्रदर्शनी, पलाश ब्रांड के उत्पाद का भी लगेगा स्टॉल



