
Ranchi : मनी लाउंड्रिंग मामले के आरोपी वकील राजीव कुमार एवं कारोबारी अमित अग्रवाल की ओर दाखिल डिस्चार्ज अर्जी पर शुक्रवार को ईडी के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की अदालत में आंशिक सुनवाई हुई. अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख 18 मार्च निर्धारित की है. दोनों ने आरोप गठन से पूर्व मामले में खुद को निर्दोष बताते हुए अदालत से आरोप मुक्त करने की अर्जी दाखिल की है. बता दें कि ईडी ने 13 अक्टूबर 2022 को राजीव कुमार एवं अमित अग्रवाल के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था. मामले में अब उनके खिलाफ आरोप गठन होना है. इसके पहले उनकी ओर से डिस्चार्ज पिटिशन दाखिल की गई है.
बेल पर हैं राजीव कुमार और अमित अग्रवाल
कोलकाता पुलिस के एआरएस विभाग ने हैरिसन स्ट्रीट में अवस्थित व्यावसायिक परिसर से बीते 31 जुलाई की रात को 50 लाख नकद के साथ अधिवक्ता राजीव कुमार को गिरफ्तार किया था. बाद में उनके खिलाफ ईडी ने मनी लाउंड्रिंग का मामला दर्ज किया था. जिसमें अमित अग्रवाल को भी आरोपी बनाया गया. अमित अग्रवाल और राजीव कुमार फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर हैं.
इसे भी पढ़ें – वंदना दादेल को गृह विभाग और विनय चौबे को आइपीआरडी सचिव का अतिरिक्त प्रभार



