
Dhanbad : लॉकडाउन में कोटा में फंसे झारखंड के 954 छात्रों को लेकर स्पेशल ट्रेन रविवार की शाम को धनबाद पहुंची. ये स्टूडेंट्स झारखंड के विभिन्न जिलों के हैं. ट्रेन संख्या 09815 श्रमिक (प्रवासी) एक्सप्रेस रविवार को 4 बजे धनबाद पहुंची. धनबाद में उतरते ही उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गयी. साथ ही जिला प्रशासन ने सभी बच्चों का स्वागत किया.
इसे भी पढ़ें – #Jharkhand में Lockdown3.0 में भी नहीं मिलेगी किसी तरह की कोई छूट
सोशल डिस्टेंसिंग का रखा गया ध्यान
स्पेशल ट्रेन में धनबाद सहित बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज तथा पाकुड़ जिले के छात्र सवार हैं. इन सभी को पहले गोल्फ ग्राउंड ले जाया गया, जहां इनके स्वास्थ्य की जांच की गयी. यहां स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें बसों से घर तक भेजा जा रहा है.
ट्रेन धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर खड़ी हुई. सोशल डिस्टेंसिंग बना रहे इसके लिए एक बार में केवल दो कोच खोले जायेंगे. इसमें से छात्रों के बाहर निकलने पर शारीरिक दूरी के चिह्न पर खड़ा किया गया. इसके बाद उन्हें अल्पाहार दिया गया.
इसे भी पढ़ें –झारखंड का लोहरदगा एक ऐसा जिला, जहां की सुरक्षा, विकास, शिक्षा, कोर्ट, स्वास्थ्य समेत सभी प्रशासनिक पदों पर महिलाएं हैं काबिज
छात्रों ने राज्य सरकार को दिया धन्यवाद
छात्रों के स्वागत के लिए स्टेशन परिसर में मुख्यमंत्री का संदेश “एक एक झारखंडी की सजगता ही सुरक्षा का कवच तैयार करेगी” गूंज रही थी. इस दौरान कोटा से आये छात्रों ने घर वापसी के लिए झारखंड सरकार को धन्यवाद दिया.
उन्होंने बताया कि रास्ते में किसी प्रकार की कोई तकलीफ नहीं हुई. उन्होंने बताया कि वे लोग बेसब्री से इस दिन का इंतजार कर रहे थे. धनबाद में स्वास्थ्य जांच के बाद बसों में मजिस्ट्रेट के साथ बच्चों को घर के लिए रवाना किया गया.
इसे भी पढ़ें –#Lockdown : प. बंगाल में फंसे मजदूरों को लाने जा रही बसें मैथन बॉर्डर पर रोकी गयीं




