
Ranchi: राजधानी रांची में यास चक्रवात की वजह से हुई मूसलधार बारिश ने आम लोगों के जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है. लगातार हो रही बारिश की वजह से रांची के कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है.
कई स्थानों में तो घरों के अंदर भी नाले का पानी प्रवेश कर गया है. रांची के बड़ा तालाब के पास स्थित निजाम नगर में तो सड़कों पर लोग मछलियां मारते नजर आए.

रांची के निजाम नगर नजारा गुरुवार को अलग ही नजर आया. निजाम नगर के पास में ही बड़ा तालाब स्थित है. भारी बारिश की वजह से निजाम नगर में तलाब के पानी का प्रवेश हो गया है.
इसे भी पढ़ें:हाइकोर्ट ने सरकार और रिम्स से कहा- लोग कोरोना से मर रहे हैं और आप मीटिंग कर रहे हैं, सीरियस नहीं हैं आपलोग
पानी में बड़े पैमाने पर मछलियां भी बह कर बाहर आ गयी हैं. एक तरफ जहां लोग अपने घरों में पानी घुस जाने की वजह से परेशान थे, वहीं दूसरी तरफ मोहल्ले के कुछ युवा सड़कों पर मछली मारने में लगे हुए थे.

मोराबादी, एचइसी, कटहल मोड़, डोरंडा, कांके रोड सहित कई स्थानों पर भारी बारिश की वजह से पेड़ उखड़ कर सड़क पर गिर पड़े, वहीं कई जगह पेड़ों की टहनियां टूट कर सड़क पर जा गिरी जिसकी वजह से घंटों आवागमन बाधित रहा. हालांकि एनडीआरएफ और निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क से गिरे हुए पेड़ों को हटाया.
इसे भी पढ़ें:Ranchi: तमाड़ में कांची नदी पर बना हाराडीह-बूढ़ाडीह पुल ध्वस्त, तीन साल पहले हुआ था निर्माण
भारी बारिश की वजह से ग्रामीण इलाकों में भी कई घरों को नुकसान पहुंचा है. रांची के धुर्वा में एक कमरे की दीवार के गिर जाने की वजह से कमरे में सोए हुए पिता और पुत्र की दर्दनाक मौत हो गयी.
मिली जानकारी के अनुसार रांची के बेड़ो, इटकी, नगड़ी और बुंडू-तमाड़ इलाके में भी कई घर तेज बारिश की वजह से क्षतिग्रस्त हो गये.
इसे भी पढ़ें:रघुवर के समर्थन में बयानबाजी से बचना हितकर, कानून को अपना काम करने दे भाजपाः झामुमो




