
Palamu: भारतीय खाद्य निगम, खाद्य संग्रह भंडारण डालटनगंज में खाद्यान्न उतारने के दौरान ट्रक से चपकर 35 वर्षीय ठेका मजूदर की मौत हो गयी. मजदूर दो ट्रकों के बीच फंसकर रह गया था. जान बचाने के लिए निकलना चाह रहा था, लेकिन मौका नहीं मिल पाया. घटना के बाद साथी मजदूरों ने काम काज ठप कर दिया है. लोडिंग-अनलोडिंग कार्य बंद है. सारे मजदूर गोदाम परिसर में ही धरना दे रहे हैं. मुआवजा सहित अन्य मांगों को पूरा नहीं करने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है. इस सिलसिले में खाद्य आपूर्ति मंत्री रामेश्वर उरांव के नाम आवेदन मंत्री प्रतिनिधि रूद्र शुक्ला को सौंपा है.
एफसीआई मजदूरों के अनुसार शुक्रवार सुबह में गैंग नंबर-दो में ठेका मजदूर ईश्वरी यादव खाद्यान्न उतार रहा था. बोड़ा उठाने के दौरान बैक में आ रहे दूसरे ट्रक (बीआर 15 जी 5904) से दब गया. चर्चा है कि ट्रक को खलासी बैक कर रहा था. हालांकि आनन फानन में साथी मजदूर उसे लेकर एमआरएमसीएच पहुंचे. यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. घटना के बाद गोदाम के मजदूर भड़क गए और धरना प्रदर्शन करने लगे. सूचना पाकर टाउन थाना पुलिस पहुंची और ट्रक को जप्त लिया. साथ ही एमआरएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराया. मजदूर ईश्वरी यादव रामगढ़ थाना क्षेत्र के हुटार का रहने वाला था. उसके चार बच्चे हैं. तीन लड़का एक लड़की. वर्ष 2016 से ईश्वरी यादव एफसीआई में मजदूरी कर रहा था.
एक करोड़ मुआवजा देने की मांग
घटना के बाद धरना दे रहे एफसीआई के मजदूरों ने ईश्वरी यादव के परिजनों को एक करोड़ रूपए मुआवजा और उसके परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी, सभी कार्यरत श्रमिक का इंशोरेंस करने आदि शामिल हैं. मजदूर संतोष यादव, प्रदीप यादव, नंदलाल राम, विनय कुमार, हरेन्द्र बैठा, संजय बैठा, रामसुंदर बैठा, संतोष कुमार यादव, विक्रम सिंह, रविन्द्र यादव, आकाश कुमार, नरेश राम, राहुल कुमार सिंह सहित करीब 33 मजदूरों ने ठेकेदार से और सरकार से मांग की है और बताया है कि सभी श्रमिक मां तारा ट्रांसपोर्ट कंपनी के अधीन कार्यरत हैं और इसके ठेकेदार संजय शर्मा है. ठेकेदार के मौके पर नहीं आने के कारण मजदूरों में भारी आक्रोश देखने को मिला. बता दें कि एफसीआई गोदाम में करीब साढे तीन सौ मजदूर कार्यरत हैं.
मजदूरों से बात करते हुए मंत्री प्रतिनिधि रूद्र शुक्ला ने कहा कि उनके साथ पूरा न्याय होगा. मृत मजदूर के आश्रित को हर संभव सरकारी मदद दिलायी जायेगी.
चालक की गलती से हुआ हादसा: गोदाम प्रबंधक
गोदाम प्रबंधक एस टोपनो ने जानकारी दी कि चालक की गलती से हादसा हुआ. प्रावधान के अनुसार मुआवजा दिया जायेगा. संवेदक और गाड़ी मालिक से भी आर्थिक सहयोग कराया जायेगा. उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त किया और हड़ताल कर रहे मजदूरों से काम पर लौटने का आग्रह किया. बता दें कि घटना के बाद एफसीआई गोदाम, स्टेशन और चैनपुर एसएफसीआई से मजदूर आन्दोलन में शामिल हो गए हैं. नतीजा इन जगहों पर सारा कार्य बंद पड़ा हुआ है.




