
Palamu: जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के कुंड मुहल्ला में महिला की गला काट कर हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप उसके पति पर लगाया जा रहा है. मौक़े से पति फरार बताया जाता है. महिला की पहचान शहर थाना क्षेत्र के कुंड मुहल्ला टीलहापर निवासी 45 वर्षीया शायरा बानो पति शहाबु अंसारी के रूप में हुई है. हत्या को गोतिया परिवार से चल रहे जमीन विवाद से भी जोड़ कर देखा जा रहा है. पुलिस छानबीन में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार रविवार रात 10.30 बजे शायरा औऱ उसके पति शहाबु को उसकी बहू असमीना बीवी ने भोजन कराया था. खाना खाने के बाद दोनों एक साथ कमरे में सोने चले गए थे. रात करीब 1 बजे शायरा का पति शहाबु डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर देखा गया था. उसका बेटा गुड्डू अंसारी स्टेशन रुट का टेम्पो चलाता है. बेटा ही पिता को देखा था और उससे पूछा तो उसने बताया कि काम से बनारस जा रहे हैं.
सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे गुड्डू अंसारी पत्नी असमीना बीवी को अम्मी से पूछने के लिए कहा कि सब्जी लाना है कि नहीं. असमीना जब कमरे में गई तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और उसकी सास बेड पर छटपटा रही थी. महिला ने तुरंत इसकी जानकारी अपने पति को दी और सास को लेकर इलाज के लिए एमआरएमसीएच में पहुंचे. यहां करीब 45 मिनट तक चले इलाज के बाद महिला की मौत हो गई. इलाज के क्रम में महिला के गर्दन में 50 टांके लगाए गए.
बेटे के अनुसार उसका पिता छत्तीसगढ़ में रहकर काम कर रहा था और करीब 15 दिन पहले घर आया था. पति-पत्नी के बीच में विवाद रहता था. दोनों के बीच समझौता होने के बाद काफी दिनों के बाद एक साथ नजर आए थे.
बेटे ने अपने पिता पर हत्या का आरोप लगाया है. सूचना मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार, टीओपी-1 के प्रभारी इंद्रदेव पासवान मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. पुलिस परिजनों के बयान के अनुसार छानबीन तेज कर दी है.
इसे भी पढ़ें: लातेहार: रेलवे स्टेशन के पास संवेदक पर फायरिंग, बाल बाल बचे




