
Chatra: अफीम माफिया गैंग के विरूद्ध चतरा पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने करीब साढ़े 14 किलो अफीम और साढ़े दस किलो डोडा के खेप के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्रशिक्षु डीएसपी धनंजय कुमार राम के नेतृत्व में गठित सदर थाना पुलिस की टीम को यह कामयाबी मिली. पुलिस की विशेष टीम ने चतरा- गया मुख्य पथ पर 13 बुनियादी के समीप चिनॉय मुख्य पथ पर स्थित सुनसान झोपड़ी से अफीम के साथ राजू कुमार सिंह नामक तस्कर को गिरफ्तार किया. अभियान के दौरान पुलिस को चकमा देकर जंगल का लाभ उठाकर दूसरा तस्कर मौके से भागने में सफल रहा. फरार तस्कर मंगर गंझू के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरकी सलगी गांव स्थित घर से भी पुलिस ने अफीम बरामद किया.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह के तिसरी में ईट भट्ठा से दो मजदूरों के शव मिलने से सनसनी, शरीर पर मिले कई जख्मों के निशान
राजू सिंह के पास से 4 किलो 373 ग्राम अफीम और मंगर गंझू के घर से सुरक्षाबलों ने 10 किलो 462 ग्राम अफीम और 10 किलो 690 ग्राम डोडा बरामद किया है. इस संबंध में एसडीपीओ अविनाश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी. इस अभियान में थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक मनोहर करमाली, एसआई दिनेश कुमार हेंब्रम, सिकंदर सिंह समेत सशस्त्र बल के कई जवान शामिल थे. फरार तस्कर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अभियान में जुट गई है. पुलिस संभावित कई स्थानों पर विशेष छापामारी अभियान चला रही है.




