
Koderma: जयनगर प्रखंड के पिपचो में महागठबंधन की चुनावी सभा में बुधवार को तेजस्वी यादव ने हुंकार भरी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने चाहा तो गोबर को भी हलवा बना देंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद अध्यक्ष रामधन यादव, संचालन मोहम्मद इब्राहिम, बीस सूत्री अध्यक्ष इस्लाम अंसारी, जावेद, राजकुमार यादव ने संयुक्त रूप से किया. विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश विनाश के पथ पर अग्रसर हो चुका है. विकास कोसों दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे हैं. आने वाले दिनों में यदि पुनः एक बार फिर से नरेंद्र मोदी सत्ता में पहुंचेंगे तो देश को रसातल में ले जाएंगे. उन्होंने कहा समस्त सरकारी कंपनियों को निजी हाथों में देकर देश के युवाओं को बेरोजगार कर रहे हैं.
आज भारत के युवा देश के अन्य क्षेत्रों में भटक रहे हैं. झारखंड में रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं. पूर्व की रघुवर दास की सरकार ने झारखंड के नौकरिया को बेच देने का काम किया. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार देश में नक्सली हिंसा पर लगाम नहीं लगा पाई है कोडरमा की धरती से आप सभी लोगों को यह वचन लेना होगा कि आने वाले 20 मई को झंडे में तीन तारा के प्रत्याशी झारखंड के उत्कृष्ट विधायक से सम्मानित विनोद कुमार सिंह को भारी मतों से विजय दिलाना है. उन्होंने कहा कि कोडरमा की धरती अबरख की धरती के नाम से जाना जाता है. यहां खनिजों का भंडार है फिर भी झारखंड प्रदेश के लोग पलायन करने पर मजबूर हैं. यदि इंडिया गठबंधन की सरकार देश में बनती है और विनोद कुमार सिंह कोडरमा लोकसभा से चुनाव जीतकर दिल्ली पहुंचते हैं तो प्रत्येक जिले में रोजगार के अवसर खोले जाएंगे. भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ईडी का हवाला देकर यशस्वी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल में डालने का काम किया है. परंतु एक दिन जेल का ताला टूटेगा और हेमंत सोरेन छूटेगा और पुनः झारखंड का विकास गति से होगा.
माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि भारत के लोकतंत्र में इससे बड़ी कोई घटना नहीं हो सकती कि जब देश का प्रधानमंत्री देश हित में ना सोचकर देश के धन को लूटाने का काम कर रहे हैं. लगता है देश के यशस्वी प्रधानमंत्री अपना संतुलन खो चुके हैं. गिरिडीह के पेशम में सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा था कि लोग हमें गोली मारने कि बात करते हैं. परंतु शायद वह नहीं जानते की गोली मारने और मरवाने का काम भारतीय जनता पार्टी करती है. कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, पूर्व विधायक संजय यादव, बिहार विधानसभा के सदस्य महबूब आलम, श्यामदेव यादव, अवधेश यादव, महादेव राम, अमरजीत कौर, अरमान खान, भीम कुमार यादव, अशोक यादव, मनोज सहाय, दिगंबर मेहता, नौशाद आलम, कौसर खान, कांग्रेस महिला मोर्चा प्रदेश सचिव अर्चना कुमारी, जिप सदस्य सविता सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे.




