
Koderma: जिले के तिलैया डैम थाना अंतर्गत कांटी में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने मृतक की पत्नी पर खाने में जहर देकर मारने का आरोप लगाया है. मृतक की पहचान संजय कुमार पिता सुरेश कुशवाहा कांटी थाना तिलैया डैम के रूप में हुई है. मृतक का एक 2 वर्ष का बच्चा भी है. घटना को लेकर रविवार को मृतक के भाई धर्मवीर कुमार पिता सुरेश कुशवाहा ने तिलैया डैम थाना में आवेदन देकर मृतक की पत्नी समेत 8 नामजद पर खाने में जहर देकर मारने का आरोप लगाया है. आवेदन में कहा है मृतक की पत्नी ने शनिवार शाम को संजय कुमार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान उनके पेट मे जहर पाया गया. पूर्व में कई बार संजय कुमार व उनके परिवार को जान मारने की धमकी उनकी पत्नी के परिजनों द्वारा दी गयी. मृतक की मौत के बाद रविवार को आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने उरवां तिलैया डैम रोड तिलैया डैम थाना के मुख्य द्वार पर लगभग 4 घण्टे तक जाम रखा. इस दौरान पुलिस बल की एक क्यूआरटी की टीम सुरक्षा को लेकर मौजूद रही. इस दौरान हल्की फुल्की झड़प भी हुई.
मामले को लेकर पत्नी का कहना है कि इनलोगो द्वारा मुझे फंसाया जा रहा है. लंबे समय से पति पत्नी का विवाद चल रहा था. मामला महिला थाना में भी चल रहा है व कई बार पंचायत स्तर पर भी मामला को सुलझाने का प्रयास किया गया लेकिन मामला सुलझ न सका. उन्होंने बताया कि शनिवार को सुबह लगभग 10 बजे वे घर से बाहर निकल कर दवा खाने की बात कहे. कुछ ही समय में स्थिति बेकाबू होने पर सदर अस्पताल ले गए पर गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया. रास्ते मे स्थिति खराब होने पर हजारीबाग के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गयी.
मौके पर डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार, अंचलाधिकारी अशोक भारती, माइका इंस्पेक्टर सुबोध लकड़ा, चंदवारा थाना प्रभारी अरविंद कुमार, डैम थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, एएसआई सुखदेव मुर्मू, रंजीत झा समेत कई लोग मौजूद रहे. डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार के आश्वासन पर सड़क जाम हटा. उन्होंने बताया कि घटना के सूचक द्वारा दिये गए आवेदन के आलोक में पत्नी व उनकी सास की गिरफ्तारी हुई है. शेष अन्य लोगो की गिरफ्तारी भी जल्द कर ली जाएगी.




