
Manchester: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने वर्ल्ड कप में शानदार वापसी की है. अफगानिस्तान से मैच के दौरान हैट्रिक मैन बने शमी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ भी बेहतर खेल का प्रदर्शन किया.
अपने फॉर्म में वापसी को लेकर उनका कहना है कि पिछले 18 महीनों में इतना कुछ झेलने के बाद अब शानदार प्रदर्शन के हकदार भी वो खुद ही हैं.
इसे भी पढ़ेंःवर्ल्ड कपः वेस्टइंडीज पर मिली जीत के बाद कोहली ने की धोनी की तारीफ, बताया लिजेंड
‘मुझे जाता है श्रेय’
शमी ने कहा गुरुवार को विश्व कप में वेस्टइंडीज पर 125 रन की जीत के बाद कहा, ‘‘ श्रेय. और किसको, बस मुझे. मैं खुद को पूरा श्रेय देता हूं.
गौरतलब है कि शमी को पिछले डेढ़ वर्ष में घरेलू हिंसा के आरोपों से जूझना पड़ा, जिसके बाद लंबित जांच तक उन्हें बीसीसीआई की केंद्रीय अनुबंध सूची से हटा दिया गया. और फिटनेस के आधार पर उन्हें एक टेस्ट मैच से भी बाहर बैठना पड़ा.
लेकिन वह अब अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में वापसी कर चुके हैं. उनकी तेजी और स्विंग के बारे में पूछने पर शमी ने कहा, ‘‘ क्योंकि मुझे इन सब के बाद यह झेलना पड़ा. पिछले 18 महीनों में जो कुछ हुआ, वह सब मुझे ही झेलना पड़ता. इसलिए इसका श्रेय भी मुझे ही जाता है.’’
फिटनेस पर काम करना टर्निंग प्वाइंट रहा
शमी ने एक हैट्रिक सहित दो मैचों में आठ विकेट चटकाये हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ मैं अल्लाह का शुक्रिया अदा करता हूं कि उसने मुझे इन सबसे (पारिवारिक मुद्दों से लेकर फिटनेस तक) से लड़ने की ताकत दी. अब मैं केवल देश के लिए अच्छा करने पर ध्यान लगाये हूं. ’’
अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बारे में शमी ने कहा कि फिटनेस पर काम करना टर्निंग प्वाइंट रहा.
उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल ‘यो यो’ टेस्ट में विफलता के बारे में नहीं था. ऐसा भी समय होता है जब आपकी लय गड़बड़ा जाती है. मैं विफल रहा, वो एक अलग बात है लेकिन फिर मैंने कड़ी मेहनत की और अपनी फिटनेस में सुधार किया है. मुझे लगता है कि मैं अब अच्छी लय में हूं, क्योंकि मैंने वजन कम किया है. अब मेरे लिए सब कुछ सही चल रहा है. ’’
गेंदबाजी में बनाया नया रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के खिलाफ मोहम्मद शमी ने 4 विकेट चटकाये. शमी के बेहतर प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया ने 125 रनों से बड़ी जीत हासिल की.
इसके साथ ही मोहम्मद शमी ने इस मुकाबले में 4 विकेट लेकर वर्ल्ड कप में 25 विकेट अपने नाम कर लिए हैं. शमी वर्ल्ड कप में सबसे तेज 25 विकेट चटकाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. इस मामले में मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलियाई लेफ्ट आर्म पेसर मिचेल स्टार्क को पीछे छोड़ दिया है.




