
Manchester: गुरुवार को टीम इंडिया ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए वेस्टइंडीज को 125 रनों से मात दी. मैच के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने के बाद कहा कि पिछले दो मैचों में भले ही चीजें टीम के हिसाब से नहीं रही हों, लेकिन इसके बावजूद इनमें जीत हासिल करना प्रभावशाली है.
जीत हासिल करना महत्वपूर्ण
कोहली ने मैच के बाद कहा, ‘‘मैं शिकायत नहीं कर सकता. हम कल नंबर एक टीम बने और ईमानदारी से कहूं तो हम पिछले कुछ समय से ऐसा खेल रहे हैं.’’
भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में भी धीमी बल्लेबाजी की और गुरूवार को भी वेस्टइंडीज के खिलाफ ऐसा ही रहा.
इस पर कोहली ने कहा, ‘‘बल्ले से देखें तो पिछले दो मैचों में चीजें हमारे मुताबिक नहीं रही, लेकिन हमने फिर भी जीत हासिल की और यह मेरे लिये प्रभावित करने वाला है. हम अफगानिस्तान के खिलाफ भी आज की तरह की स्थिति में थे. लेकिन हम पिछले मैच में ठीक से आकलन नहीं कर पाये. ’’
‘धोनी के अनुभव का मिल रहा फायदा’
गुरुवार को मिली शानदार जीत के बाद जहां पहले लोग एमएस धोनी की पारी की आलोचना कर रहे थे, वही अब धोनी की तारीफ में आ गए हैं.
खुद कप्तान विराट कोहली ने भी मैच के बाद धोनी के लिए कहा कि वो लिजेंड हैं और उनके अनुभव का टीम को बहुत फायदा मिल रहा है.
उन्होंने हार्दिक पंड्या और महेंद्र सिंह धोनी की अंत में खेली गयी पारियों की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हार्दिक और एमएस ने अंत में काफी अच्छा खेल दिखाया. इस पिच पर 270 रन का स्कोर हमेशा ही चुनौतीपूर्ण होता.’’
कप्तान ने कहा, “धोनी जानते हैं कि उन्हें मैदान पर क्या चाहिए. जब उनका बुरा दिन होता है तो हर कोई बात करने लगता है. लेकिन हमने हमेशा उनका समर्थन किया है. धोनी के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि जब आपको आखिरी में 15-20 रन चाहिए होते हैं तो वह आपको दिला देते हैं. उनका अनुभव हमारे काम आया है.”
कोहली ने बनाये सबसे तेज 20 हजार रन
कोहली ने 72 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जिससे उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया. कोहली ने लगातार चौथी बार 50 या इससे अधिक रन बनाये और दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम मैचों में 20,000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड बनाया.
वह हालांकि फिर से अर्धशतक को शतक में बदलने में नाकाम रहे. उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके लगाये.
अपनी पारी के बारे में कोहली ने कहा, ‘ तेजी से परिस्थितियों का आकलन करके बल्लेबाजी करना मेरा मजबूत पक्ष है. मेरे 70 प्रतिशत रन सिंगल से बने और इस तरह रन बनाना सर्वश्रेष्ठ है.’




