Koderma

मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ वामदलों का कन्वेंशन संपन्न

देश मे नफरत फैलाया जा रहा है- भुवनेश्वर मेहता

Koderma: मोदी सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों व सांप्रदायिक कॉरपोरेट फांसीवादी खतरे के खिलाफ भाकपा, माकपा व माले संयुक्त वाम कन्वेंशन बुधवार को साहु भवन झुमरीतिलैया में संपन्न हुआ. अध्यक्षता भाकपा नेता और जिप सदस्य महादेव राम, माकपा के जिला सचिव असीम सरकार व माले के जिला सचिव राजेन्द्र मेहता ने संयुक्त रूप से किया. कन्वेंशन का उदघाटन करते हुए पूर्व सांसद और भाकपा के वरिष्ठ नेता भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि आज देश गंभीर दौर से गुजर रहा है. संविधान के साथ छेड़छाड़ किया जा रहा है. देश की आजादी के लिए सभी धर्म के लोगो ने कुर्बानी दी है, लेकिन एक धर्म की बात कर हिन्दू मुस्लिम के नाम पर नफरत फैलाया जा रहा है. देश गृह युद्ध की ओर बढ़ रहा है. विस्थापन के खिलाफ 28 जून को राजभवन पर विशाल धरना दिया जाएगा. माले के पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद ने कहा कि सरकार की निजीकरण की नीतियों के कारण बालासोर रेल दुर्घटना हुआ जिसमें तीन सौ से अधिक लोगों की जान चली गई. सीपीएम के राज्य सचिवमंडल सदस्य संजय पासवान ने कहा कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि 2024 में फांसीवादी जनतंत्र विरोधी मोदी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेका जाय। वंदे भारत ट्रेन से गरीब मध्यम वर्ग को कोई फायदा नहीं होगा, यह अमीरों का ट्रेन है. झारखंड में ऑनलाइन जमीन में हेरफेर किया गया है, गैरमजरूआ जमीन की रशीद नहीं काटा जा रहा है. जिसके खिलाफ हमें मजबूत लड़ाई लड़ना होगा. पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि ढिबरा पत्थर उद्योग को बचाने के लिए कोडरमा जिला के सभी कोनों से हजारों की संख्या में पैदल यात्रा निकाल कर जिला प्रशासन को हिलाना होगा. कन्वेंशन में आधार पत्र पेश किया गया जिसमें कहा गया कि देश की सत्ता पर काबिज हिंदुत्ववादी कॉरपोरेट्स गठजोड़ द्वारा सुनियोजित तरीके से एक ओर देश की राष्ट्रीय संपदा की लूट की जा रही है और दूसरी तरफ संविधान, लोकतंत्र और देश के संघीय ढांचे समेत आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है. योजनाबद्ध तरीके से सांप्रदायिक विभाजनकारी राजनीति के तहत आम नागरिकों के बीच नफरत का माहौल फैलाया जा रहा है. वाम दल धर्मनिरपेक्ष ताकतों को साथ लेकर भाजपा और केन्द्र सरकार के खिलाफ राजनीतिक रूप से अभियान चलाने की जरूरत है. कन्वेंशन को माले नेता भूवनेश्वर केवट, सोनिया देवी, नीलम शाहबादी, रमेश प्रजापति, महेश सिहं,  इब्राहिम अंसारी, संदीप सिंह, पार्वती देवी, ग्यासुद्दीन अंसारी, महेश सिहं, तुलसी राणा ने भी सम्बोधित किया. कन्वेंशन में जनमुद्दों पर जुलाई माह में प्रखंड स्तरीय कन्वेंशन और जन प्रदर्शन करने, अगस्त माह में पदयात्रा और राज्य जत्था के द्वारा गांव गांव नुक्कड़ सभा करने एवं दिसम्बर माह में राज्य स्तरीय रैली में हजारों की संख्या में भाग लेने का प्रस्ताव पारित किया गया.

Related Articles

Back to top button