
Hazaribagh: बड़कागांव प्रखंड के ग्राम सिरमा में असामाजिक तत्वों द्वारा एक बच्ची के झंडा उतारने का वीडियो शेयर करने पर कान पकड़कर उठक बैठक कराने की घटना मामले को लेकर विधायक अंबा प्रसाद रविवार को गाँव पहुँची और पीड़िता बच्ची व उनके परिवार के सदस्यों से मिली. इस मौके पर अंबा प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी व उनके संगठन के कुछ लोग बड़कागांव की शांति व्यवस्था को खराब करना चाहते हैं, उनके मंसूबे को वे पूरा नहीं होने देंगी. बड़कागांव धार्मिक और सामाजिक एकता की मिसाल है. सभी धर्म के लोग एक दूसरे को सहयोग करते चले आ रहे हैं. आगे भी ऐसे ही चलता रहेगा. चंद आपराधिक और असामाजिक तत्वों के कारण पूरे समाज को कटघरे में खड़ा करना और सांप्रदायिक माहौल बनाकर शांति व्यवस्था खराब करना कोई भी धर्म नहीं सिखाता है. इस मौके पर विधायक ने कहा कि इस मामले में बचे हुए दोषियों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जायेगा और उन्हें सजा दिलाई जाएगी.
इसे भी पढ़े: हजारीबाग : जबर्दस्ती धर्म परिवर्तन का दबाव मामला, पूर्व विधायक मनोज यादव ने न्याय दिलाने का दिया भरोसा
पीड़िता के परिजनों ने मामले को सांप्रदायिक रंग देने का लगाया आरोप
इस मौके पर पीड़िता की मां ने अंबा प्रसाद को बताया कि कुछ लोग गांव का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं. दूर-दूर से कई संगठनों के लोग आकर इस विवाद को सांप्रदायिकता का रंग देकर हमारे गांव,समाज का माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं. जिन लोगों ने उनकी बेटी को प्रताड़ित कर इस तरह का कृत्य किया है, उनको जल्द से जल्द सजा मिले. इसमें किसी धर्म विशेष अथवा समाज का कोई दोष नहीं है. उनके पति जब कैंसर पीड़ित थे तो गांव के मुस्लिम समाज के लोगों ने ही खुद से चंदा कर उनके इलाज की व्यवस्था कराई थी. इसके बाद मुंबई के कैंसर अस्पताल में पति को भर्ती करवा कर उनका इलाज करवाया था. सदियों से मुस्लिम समाज के लोग हमारे यहां सहोदर भाई की तरह रहते आ रहे हैं. इनके पूर्वजों ने ही इन्हें जमीन दी थी जिस पर आज उनका मकान बना हुआ है. कभी भी उनके साथ इस तरह की पूर्व में कोई घटना नहीं घटी थी. पूरे गांव में हमलोग एक दूसरे का सहयोग कर शांतिपूर्वक तरीके से पर्व त्यौहार मनाते चले आ रहे हैं, मगर गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है. जिसका कोई भी धर्म कोई भी समुदाय समर्थन नहीं कर रहा है.

मुस्लिम समुदाय के प्रयास से नहीं बिगड़ा माहौल
पीड़ित की माँ ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ही आरोपियों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है. उन्होंने वादा किया है कि बाकी जो आरोपी फरार हैं उनकी भी तलाश कर उनको पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा. लेकिन अचानक से उनके गांव में कुछ संगठन के लोग आकर अपनी दुकानदारी और राजनीतिक रोटी सेकने का प्रयास कर रहे हैं. यहां तक कि कुछ राष्ट्रीय समाचार चैनल के लोग भी उनका ऐसा बयान टीवी में चला रहे हैं जिसकी जानकारी मुझे नहीं है. लोगों से ही जानकारी मिल पाती है. विधायक की उपस्थिति में मुस्लिम समुदाय के लोग भारी संख्या में पीड़िता के घर गए. पीड़िता तथा पीड़िता की मां से राखी बंधवा कर उन्होंने रक्षाबंधन में दिया जाने वाला शक्ति नेग दिया. उनकी पूरी जिंदगी रक्षा करने की कसमें खाई.

सोमवार को निकाला जाएगा एकता मार्च
सोमवार को 3:00 बजे सिरमा गांव से बड़कागांव तक पीडिता की माँ के नेतृत्व में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के द्वारा शांति व एकता मार्च निकाला जाएगा जिसमें विधायक अम्बा भी शामिल होंगी. आपसी भाईचारे को बढ़ाने के साथ एक दूसरे को सद्भाव के साथ रहने का संदेश देने के लिए यह मार्च निकाला जाएगा. साथ ही मार्च के माध्यम से सभी धर्म के लोग के द्वारा प्रशासन से अपील की जाएगी कि जितनी जल्द हो सके बाकी के फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनको जेल में डाला जाए ताकि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो.




